डॉ. अंबेडकर की जयंती पर जन्मस्थली स्मारक महू में होगा विशाल समागम

युगवार्ता    16-Mar-2026
Total Views |
कलेक्टर ने महू में ली अधिकारियों की बैठक


डॉ. अंबेडकर स्मारक का कलेक्टर ने किया अवलोकन


- कलेक्टर ने डॉ. अंबेडकर नगर महू पहुंचकर व्यवस्थाओं को दिया अंतिम रूप

इंदौर, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में प्रतिवर्ष की तरह इस साल भी 14 अप्रैल को डॉ. बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर जयंती उत्सव समारोह पूर्ण उत्साह और आस्था के साथ उनकी जन्मस्थली डॉ. अंबेडकर नगर (महू) में मनाई जाएगी। इस दिन डॉ. अंबेडकर की जन्मस्थली स्मारक पर विशाल समागम का आयोजन होगा।

यह जानकारी सोमवार को इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने डॉ. अंबेडकर नगर (महू) पहुंच कर तैयारियों का जायजा लेते हुए दी। उन्होंने बताया कि जयंती उत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं कि मेहमानों की तरह राज्य शासन द्वारा आवभगत की जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन, शीतल पेयजल आदि की विशेष व्यवस्था की जाएगी। जन्म स्थली पर बने भव्य स्मारक पर विशेष साज-सज्जा की जाएगी। फूलों और विद्युत रोशनी से सजावट होगी।

कलेक्टर वर्मा ने डॉ. अंबेडकर नगर (महू) में जयंती उत्सव में की जाने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अंतिम रूप दिया। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर ने डॉ. बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जन्म स्थली पर बने स्मारक का अवलोकन भी किया और वहां की जाने वाली व्यवस्थाओं को भी देखा। बैठक में अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रुपेश द्विवेदी, एसडीएम राकेश परमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए जिससे कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाए। इस अवसर पर बताया गया कि जयंती उत्सव में 14 अप्रैल 2026 को प्रभात फेरी अम्बेडकर संस्थान द्वारा निकाली जाएगी, जो महू के क्षेत्रों में भ्रमण करेगी। इससे पहले 13 अप्रैल की रात्रि में अम्बेडकर जन्मस्थली पर संस्थान द्वारा भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।

अम्बेडकर जयंती उत्सव समारोह में अन्य प्रदेश एवं मध्य प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से श्रद्वालु आएंगे। श्रद्धालुओं के आगमन का सिलसिला 12 अप्रैल की शाम से शुरू हो जाएगा। श्रद्वालुओं के भोजन की व्यवस्था स्वर्ग मंदिर परिसर में की जाएगी। यह व्यवस्था 12 अप्रैल की शाम से प्रारंभ हो जायेगी। भोजन व्यवस्था 14 अप्रैल की शाम तक जारी रहेगी। भंतो के भोजन की व्यवस्था माहेश्वरी स्कूल में की जाएगी तथा उनके रूकने की व्यवस्था भी माहेश्वरी स्कूल में रहेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पर्याप्त संख्या में अस्थाई शौचालयों का निर्माण भी किया जाएगा। श्रद्वालुओं की पेयजल व्यवस्था हेतु विभिन्न स्थानों पर प्याउ का निर्माण किया जायेगा।

अम्बेडकर जयंती के दौरान आने वाले श्रद्वालुओं के रूकने हेतु धर्मशालाओं, केन्ट बोर्ड हायर सेकेण्डरी स्कूल एवं केन्ट बोर्ड कन्या स्कूल में श्रद्वालुओं को रूकने की व्यवस्था की जायेगी। इसके अलावा तीन विशाल डोम भी ठहरने के लिए बनाए जाएंगे।

कार्यक्रम की व्यवस्था हेतु कार्यक्रम स्थलों को सात सेक्टर में विभाजित किया गया है। यह सेक्टर महेश्वरी स्कूल महू, डॉ.अम्बेडकर जन्म स्थली, केन्ट प्रायमरी स्कूल, स्वर्ग मंदिर परिसर, रेल्वे स्टेशन से सात रास्ता, केन्ट बोर्ड कन्या विद्यालय तथा उत्कृष्ट विद्यालय महू में बनाये जाएंगे। उक्त सात सेक्टरो में दल का गठन कर सभी विभागों के व्यक्तियों की ड्यूटी लगाई जायेगी। उक्त सात सेक्टरों पर मराठी भाषी शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जायेगी, जिससे कि आने वाले श्रद्वालुओं को असुविधा न हो। कार्यक्रम की व्यवस्था हेतु तीन स्थानों पर कन्ट्रोल रूम बनाए जाएंगे। यह कंट्रोल रूम तहसील परिसर महू, अम्बेडकर जन्म स्थली स्मारक तथा स्वर्ग मंदिर परिसर में रहेंगे।

महू में समारोह के दौरान 6 स्थान पर आकस्मिक चिकित्सा की विशेष व्यवस्था रहेगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकों का दल गठन कर ड्यूटी लगाई जायेगी। कार्यक्रम में साफ-सफाई हेतु इन्दौर नगर निगम एवं स्थानीय निकाय से सफाई कर्मी की ड्यूटी लगाई जायेगी। समारोह के दौरान अग्निशमन की भी व्यवस्था रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags