मेक्सिको सिटी, 17 मार्च (हि.स.)। ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच मेक्सिको ने 2026 फीफा वर्ल्ड कप में ईरान के मैचों की मेजबानी करने की इच्छा जताई है। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शाइनबाम ने कहा है कि यदि फीफा इसकी अनुमति देता है तो मेक्सिको ईरान के मुकाबलों की मेजबानी करने के लिए तैयार है।
राष्ट्रपति शिनबाम ने कहा कि उनके देश को ईरानी टीम के मैच आयोजित करने में कोई आपत्ति नहीं है और वह इस मामले में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल संगठन के फैसले का सम्मान करेगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
दरअसल, ईरान फुटबॉल फेडरेशन ने हाल ही में अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। फेडरेशन ने मांग की है कि अमेरिका में प्रस्तावित ईरान के मैचों को वहां से हटाकर मेक्सिको में कराया जाए।
यह मांग ऐसे समय सामने आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण दोनों देशों के संबंध बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। इस स्थिति में ईरानी टीम और प्रशंसकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
2026 फीफा वर्ल्ड कप का आयोजन संयुक्त रूप से अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में होना है। ऐसे में ईरान के मैचों के आयोजन स्थल को लेकर अंतिम निर्णय लेने का अधिकार फीफा के पास ही है।
फीफा के सामने अब यह चुनौती है कि वह सुरक्षा, कूटनीतिक परिस्थितियों और टूर्नामेंट के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए संतुलित फैसला ले। यदि फीफा मेक्सिको के प्रस्ताव को मंजूरी देता है तो ईरान के मैच अमेरिकी मैदानों की जगह मेक्सिको में खेले जा सकते हैं।
फिलहाल इस मुद्दे पर फीफा की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल जगत की नजरें अब इसी फैसले पर टिकी हुई हैं।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय