
चंडीगढ़, 17 मार्च (हि.स.)। हरियाणा से राज्य सभा जाने वाले भाजपा नेता संजय भाटिया लंबे अरसे से भाजपा के संगठन में सक्रिय पदों पर रहे हैं। हरियाणा भाजपा में युवा मोर्चा से लेकर पार्टी के विभिन्न दायित्वों का सफलतापूरक निर्वहन करते हुए वर्तमान में संजय भाटिया पश्चिम बंगाल में आने वाले विधानसभा चुनाव का काम देख रहे हैं।
पानीपत में 29 जुलाई 1967 को जन्मे संजय भाटिया ने छात्र जीवन से ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़कऱ संगठनात्मक कार्य शुरू किया। उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1980 के दशक में हुई, जब वे 1987 में मंडल महासचिव बने और 1989 में मंडल अध्यक्ष का पद संभाला।
इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। जिला महासचिव, जिला अध्यक्ष और 1998 में राज्य महासचिव तक का सफर तय किया। 2001 में उन्हें नगर परिषद का अध्यक्ष बनाया गया, जो उनकी लोकप्रियता और संगठन में सक्रियता का प्रमाण था।
भाजपा में वे मंडल अध्यक्ष, जिला महासचिव, जिला अध्यक्ष, स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ के राज्य संयोजक और किसान मोर्चा के राज्य कार्यकारिणी सदस्य जैसे पदों पर रहे। 2015 से 2021 तक वे भाजपा हरियाणा के राज्य महासचिव रहे और हरियाणा खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष के रूप में ग्रामीण विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने में योगदान दिया।
उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक उपलब्धि 2019 लोकसभा चुनाव में आई, जब वे पहली बार चुनाव लड़ते हुए करनाल लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर भारी बहुमत से विजयी हुए। 2024 में उन्होंने पार्टी के फैसले का सम्मान करते हुए सीट छोड़ी और संगठनात्मक जिम्मेदारियाँ निभाईं, जिसमें हरियाणा विधानसभा चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका शामिल थी। हाल ही में भाजपा ने उन्हें राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाया और वह आज चुनाव जीतकर राज्य सभा में पहुंच गए हैं।
-----
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा