
नई दिल्ली, 18 मार्च (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल (सेक्युलर) के अध्यक्ष एच. डी. देवेगौड़ा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की आज संसद में की गई टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। देवेगौड़ा ने कांग्रेस के साथ अपने पुराने गठबंधन को “जबरन शादी” करार देते हुए कहा कि परिस्थितियों के चलते उन्हें “तलाक” लेना पड़ा।
देवेगौड़ा ने बुधवार को जारी अपने बयान में कहा कि मेरे प्यारे और पुराने दोस्त, मल्लिकार्जुन खरगे ने आज संसद में मेरे बारे में एक मज़ाकिया टिप्पणी की थी कि वह पहले कांग्रेस के साथ ‘प्रेम’ में थे, लेकिन बाद में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा से ‘शादी’ कर ली। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इसका कारण नहीं पता कि मैंने ऐसा क्यों किया।
देवेगौड़ा ने कहा कि वह उस समय सदन में मौजूद नहीं थे, क्योंकि उन्हें उगादी समारोह में शामिल होने के लिए बेंगलुरु जाना था। उन्होंने उसी शैली में जवाब देते हुए कहा, “अगर मैं अपने दोस्त को शादी वाली भाषा में ही जवाब दूं, तो मैं यह कहना चाहूंगा कि कांग्रेस के साथ मेरी ‘ज़बरन शादी’ हुई थी, लेकिन मुझे उनसे ‘तलाक’ लेना पड़ा, क्योंकि वह एक ज़्यादती भरा रिश्ता था।”
देवेगौड़ा ने 2018 के घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने गुलाम नबी आजाद को भेजकर एच. डी. कुमारस्वामी को मुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव दिया था, जिसे उन्होंने स्वीकार नहीं किया था। उन्होंने कहा कि उन्होंने उस समय खरगे को मुख्यमंत्री बनाने की वकालत की थी और इस दौरान सिद्धारमैया भी मौजूद थे, लेकिन अंततः कुमारस्वामी के नेतृत्व पर जोर दिया गया।
पूर्व प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि 2019 में कांग्रेस ने गठबंधन को तोड़ दिया और कई कांग्रेस विधायकों के भाजपा में शामिल होने की घटनाएं सामने आईं। उन्होंने कहा कि यह अब सार्वजनिक जानकारी है कि इन दलबदल के पीछे कौन था।
देवेगौड़ा ने कहा, “अगर उस समय कांग्रेस ने दलबदल को बढ़ावा देने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की होती, तो आज मेरे मित्र खरगे की स्थिति पार्टी अध्यक्ष के तौर पर कहीं बेहतर होती।”
पूर्व प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कांग्रेस गठबंधन नहीं छोड़ा था, बल्कि कांग्रेस ने ही उन्हें छोड़ दिया था। ऐसे में उन्होंने कांग्रेस से ‘तलाक’ लेकर एक ‘स्थिर गठबंधन’ की तलाश करनी पड़ी।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे बुधवार को राज्यसभा में सदस्यों की विदाई के अवसर पर बोलते हुए पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा का उल्लेख करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा, वे प्रेम हमारे साथ किए, लेकिन शादी मोदी साहब के साथ।” उनका इशारा जेडी (एस) द्वारा कांग्रेस का साथ छोड़कर भाजपा के साथ गठबंधन करने की ओर था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार