आईपीएल 2026: आरसीबी टीम से जुड़े विराट, भुवनेश्वर और क्रुणाल

युगवार्ता    18-Mar-2026
Total Views |
bfje'


बेंगलुरू, 18 मार्च (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली, अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार, क्रुणाल पांड्या और देवदत्त पडिक्कल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 से पहले टीम से जुड़ गए हैं। आईपीएल के इस सीजन की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। आरसीबी अपने अभियान की शुरुआत सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में करेगी।

आरसीबी ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए इन स्टार खिलाड़ियों के पहुंचने की पुष्टि की। आरसीबी ने एक्स पर विराट के आगमन के बारे में पोस्ट करते हुए लिखा, उन्हें देखने की जरूरत नहीं है.. यह जानने के लिए कि वे आ रहे हैं। कैलेंडर देखें। संकेत मिल जाएंगे।

'स्विंग किंग' भुवनेश्वर भी टीम में शामिल हो गए हैं। आरसीबी ने एक्स पर पोस्ट किया कि वह शांति लाते हैं, लेकिन उनका प्रभाव जबरदस्त है। भुवी घर लौट आए हैं और यह अनुभवी खिलाड़ी एक बार फिर जिम्मेदारियां संभालने के लिए तैयार हैं। हमारे स्विंग किंग को अपना प्यार दिखाएं।

पडिक्कल भी टीम से जुड़ गए हैं, जिन्होंने पिछले सीजन में नंबर तीन पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आरसीबी ने एक्स पर पोस्ट किया कि 2020 में पदार्पण किया। 2026 में भी हमारे ही। बेंगलुरु के अपने स्टार बॉय, देवदत्त पडिक्कल आईपीएल 2026 के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

क्रुणाल के टीम से जुड़ने पर फ्रेंचाइजी ने पोस्ट कर लिखा कि औरा 'के' से शुरू होता है और 'एल' पर खत्म होता है। वह वापस आ गया है। इसमें कोई हैरानी की बात नहीं कि बेंगलुरु का मौसम आज थोड़ा और ठंडा हो गया है। 12वीं मैन आर्मी, हमारे 'क्लच गॉड' क्रुणाल पांड्या पर अपना प्यार बरसाना शुरू कर दो।

पिछले सीजन में विराट कोहली ने 15 पारियों में 54.75 के औसत और 144.71 के स्ट्राइक रेट से 657 रन बनाए थे, जिसमें आठ अर्धशतक शामिल थे।कोहली 267 आईपीएल मैचों में आठ शतक और 63 अर्धशतकों के साथ 8,661 रन बना चुके हैं। पिछले सीजन भुवनेश्वर आरसीबी के लिए तीसरे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे, जिन्होंने 14 मैचों में 28.41 के औसत से 17 विकेट लिए थे। भुवनेश्वर 190 आईपीएल मैचों में 198 विकेट ले चुके हैं। वहीं क्रुणाल ने आरसीबी के लिए पिछले सीजन में 15 मैचों में 17 विकेट लेने के साथ बल्ले से 109 रन भी बनाए थे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Tags