ईरान के इंटेलिजेंस मंत्री इस्माइल खातिब की मौत की पुष्टि, राष्ट्रपति ने बताया ‘कायराना हमला’

युगवार्ता    18-Mar-2026
Total Views |

तेहरान, 20 मार्च (हि.स.)। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने देश के खुफिया मंत्री इस्माइल खातिब की मौत की पुष्टि कर दी है। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में इस घटना को “कायराना हत्या” बताया। उन्होंने कहा कि यह हमला ईरान के शीर्ष नेतृत्व को निशाना बनाने की साजिश का हिस्सा है।

राष्ट्रपति पेजेशकियन ने अपने संदेश में कहा कि इस तरह के हमले देश की सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करने की कोशिश हैं। उन्होंने इस घटना में मारे गए अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति भी गहरा दुख व्यक्त किया और इसे ईरान के खिलाफ बड़ी साजिश करार दिया।

इससे पहले इजराइल ने दावा किया था कि उसने तेहरान में किए गए एक हवाई हमले में खातिब को मार गिराया है। हालांकि इस हमले के संबंध में विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

ईरानी सरकार ने संकेत दिया है कि यह हमला हाल के क्षेत्रीय तनाव और जारी संघर्ष से जुड़ा हो सकता है। अधिकारियों का कहना है कि देश की सुरक्षा एजेंसियां इस घटना की जांच कर रही हैं और संभावित जवाबी कार्रवाई पर भी विचार किया जा रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि किसी वरिष्ठ खुफिया अधिकारी को निशाना बनाकर हमला किया गया है, तो इससे क्षेत्रीय तनाव और बढ़ सकता है। मौजूदा समय में मध्य पूर्व पहले से ही गंभीर सैन्य और राजनीतिक तनाव के दौर से गुजर रहा है, ऐसे में यह घटना स्थिति को और अधिक संवेदनशील बना सकती है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags