मणिपुर के प्रतिबंधित संगठनों के तीन कैडर गिरफ्तार

युगवार्ता    18-Mar-2026
Total Views |
मणिपुरः तीन प्रतिबंधित संगठनों के गिरफ्तार तीन कैडर एवं तलाशी अभियान चलाते सुरक्षा कर्मी


इंफाल, 18 मार्च (हि.स.)। मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के विरूद्ध जारी अभियान की कड़ी में बीते 24 घंटों के दौरान पुलिस एवं सुरक्षा बलों ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों से तीन उग्रवादी संगठनों के तीन कैडरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से कई तरह की सामग्री भी बरामद की गयी है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा आज सुबह जारी बयान में बताया गया है कि मंगलवार को सुरक्षा बलों ने काकचिंग ज़िले के सुगनू थानांतर्गत सिंगटॉम इलाके से प्रतिबंधित संगठन आरपीएफ/पीएलए के एक सक्रिय कैडर एलांगबम अबिनाश उर्फ राकेश (21) को गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से काकचिंग जिला के हियांगलाम माखा लेइकाई का रहने वाला बताया गया है।

दूसरे अन्य एक अभियान में इसी दिन सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्वी ज़िले के इरिलबुंग थानांतर्गत इरिलबुंग हाई स्कूल, बामोन कांपू के पास से प्रतिबंधित संगठन केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के एक सक्रिय कैडर इंफाल पूर्वी जिले के वांगखेई अयांगपल्ली निवासी मुतुम रंजन सिंह उर्फ मंगल (46) को गिरफ़्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फ़ोन और एक स्कूटर ज़ब्त किया गया।

तीसरे अभियान में सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिमी ज़िले के सिंगजामेई थानांतर्गत कांचीपुर इलाके से प्रतिबंधित संगठन प्रीपाक (प्रो) के एक सक्रिय कैडर इंफाल पूर्वी जिले के चानम सांड्रोक माखा लेइकाई निवासी ताओरेम अरुणकुमार सिंह (32) को गिरफ़्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फ़ोन और एक आधार कार्ड ज़ब्त किया गया।

इस बीच राज्य के संवेदनशील जिलों के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बल तलाशी अभियान और क्षेत्र पर नियंत्रण जारी रखे हुए हैं, जिसके परिणामस्वरूप हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया है कि मंगलवार को चलाए गये अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर ज़रूरी सामान ले जाने वाले 326 वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की गई है। सभी संवेदनशील स्थानों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और वाहनों की निर्बाध और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील हिस्सों में सुरक्षा काफिला उपलब्ध कराया गया है।

मणिपुर के अलग-अलग ज़िलों में, पहाड़ों और घाटियों दोनों में इस दौरान कुल 114 नाके एवं चेक पॉइंट लगाए गए थे, हालांकि किसी को भी हिरासत में नहीं लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Tags