बिलासपुर में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का विवादित बयान, बोले- ‘योगी असली हिंदू नहीं’; यूजीसी नियम को बताया राष्ट्रद्रोह

युगवार्ता    18-Mar-2026
Total Views |
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद


बिलासपुर, 18 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य के बिलासपुर में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने सत्तारूढ़ दलों और केंद्र की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने गौरक्षा से लेकर यूजीसी के नए नियमों जैंसे कई मुद्दों पर सरकार को घेरा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर भी विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि योगी असली हिन्दूू नहीं हैं।

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती बुधवार को पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। बातचीत के दौरान कई राजनीतिक और धार्मिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि वे लगातार गौ रक्षा का मुद्दा उठा रहे हैं, लेकिन सरकारें इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी आवाज को दबाने के लिए सत्तारूढ़ दल हिस्ट्रीशीटरों का सहारा ले रहे हैं। उनकी बात सुनने के बजाय उसे दबाने की कोशिश की जा रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। शंकराचार्य ने आरोप लगाया कि गौ रक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर सरकारें गंभीर नहीं हैं।

यूजीसी के नए नियमों पर कड़ा विरोध

यूजीसी के नए नियमों को लेकर भी शंकराचार्य ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे ‘हिंदुओं को बांटने वाला’ और ‘राष्ट्रद्रोह’ करार देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में इस कानून को लागू नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के नियम समाज में विभाजन पैदा करते हैं और इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। यूजीसी के नए नियमों को लेकर सवर्ण छात्रों और शिक्षकों ने भी आपत्ति जताई है। उनकी मुख्य चिंताएं दो बिंदुओं पर केंद्रित हैं, एक झूठी शिकायतों पर सजा का प्रावधान हटाने से फर्जी मामलों की संख्या बढ़ने की आशंका और नियमों में केवल एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग का उल्लेख होने से जनरल कैटेगरी को बाहर रखा जाना, जिसे वे भेदभावपूर्ण मानते हैं।

सनातन धर्म को अंदर से खतरा

सनातन धर्म पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि इसे बाहरी लोगों से नहीं, बल्कि अंदर के ‘कालनेमियों’ से खतरा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां की नीयत केवल वोट हासिल करना है, हिंदुओं के हित में काम करने की मंशा नजर नहीं आती।

योगी आदित्यनाथ पर सीधा हमला

शंकराचार्य ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर विवादित बयान देते हुए कहा कि उन्हें खुद को साबित करने के लिए 40 दिन का समय दिया गया था, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हुए। इस आधार पर उन्होंने कहा कि योगी ‘असली हिंदू नहीं’ हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Tags