
कोलकाता, 18 मार्च (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित विधायक हुमायूं कबीर ने बुधवार को अपनी नई पार्टी जनता उन्नयन पार्टी के 15 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। उन्हाेंने घोषणा किया कि उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 182 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। कहा कि उनकी पार्टी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ भवानीपुर सीट से एक मुस्लिम उम्मीदवार उतारेगी।
पिछले वर्ष तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित किए गए विधायक हुमायूं कबीर हाल के महीनों में मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद की तर्ज पर एक मस्जिद बनाने की अपनी योजना को लेकर चर्चा में रहे हैं, जिस पर राज्य की राजनीति में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं।
संवाददाता सम्मेलन में कबीर ने कहा कि हम 182 सीटों पर उम्मीदवार दे रहे हैं। आज हम मालदा और मुर्शिदाबाद के उम्मीदवारों की घोषणा कर रहे हैं। पूरी सूची रविवार को दोपहर एक बजे जारी की जाएगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि उनकी पार्टी के साथ तालमेल में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) भी कुछ सीटों पर चुनाव लड़ सकती है।
विधायक कबीर ने बताया कि उनकी पार्टी दक्षिण कोलकाता की हाई प्रोफाइल भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी के खिलाफ पूनम बेगम को उम्मीदवार बनाएगी, जो गैर-बंगाली मुस्लिम उम्मीदवार हैं।
भवानीपुर सीट इस बार भी सबसे चर्चित मुकाबलों में से एक मानी जा रही है, जहां ममता बनर्जी का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी से होने की संभावना है। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में भी इन दोनों नेताओं के बीच कड़ा राजनीतिक मुकाबला देखने को मिला था।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भवानीपुर से मुस्लिम उम्मीदवार उतारने का फैसला तृणमूल कांग्रेस के अल्पसंख्यक वोट बैंक में सेंध लगाने की रणनीति भी हो सकती है, भले ही इसका प्रभाव सीमित ही क्यों न हो।
हुमायूं कबीर स्वयं मुर्शिदाबाद जिले की रेजिनगर और नौदा सीट से चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले वह भरतपुर सीट से तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीत चुके हैं। दो सीटों से चुनाव लड़ने के उनके फैसले को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं।
पार्टी द्वारा घोषित अन्य उम्मीदवारों में पूर्व बर्दवान की पूर्वस्थली उत्तर सीट से बापन घोष, कांदी से यासीन हैदर, बेलडांगा से सैयद अहमद कबीर शामिल हैं।
मालदा जिले में रतुआ से रॉयल इस्लाम, मालतीपुर से अब्दुल मिनाज शेख, बैष्णवनगर से मुस्कुरा बीबी, मानिकचक से अबू शहीद और सुजापुर से नसीमुल हक को उम्मीदवार बनाया गया है।
इसके अलावा भरतपुर से सैयद खुबैब अमीन, बेहाला पूर्व से अनुपम रोहदगीर, फरक्का से इम्तियाज मोल्ला और हरिहरपाड़ा से बिजॉय शेख को भी टिकट दिया गया है।
कबीर तृणमूल कांग्रेस से निष्कासन के बाद अपनी पार्टी को खासकर मुर्शिदाबाद और मालदा जैसे मुस्लिम बहुल जिलों में एक वैकल्पिक राजनीतिक मंच के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनकी पार्टी का चुनावी प्रभाव काफी हद तक इस बात पर निर्भर करेगा कि वह अल्पसंख्यक मतों में कितनी सेंध लगा पाती है।
गौरतलब है कि, तृणमूल कांग्रेस, भाजपा और वाम दलों सहित प्रमुख राजनीतिक दल इस सप्ताह अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुके हैं, जिससे राज्य में बहुकोणीय मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। छोटे दलों और नए राजनीतिक संगठनों के मैदान में उतरने से कई क्षेत्रों में मुकाबला और रोचक होने की संभावना है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर