नाइट राइडर्स ग्रुप ने कैलिफोर्निया में अपने घरेलू क्रिकेट मैदान का अनावरण किया

युगवार्ता    19-Mar-2026
Total Views |
लोगो


लॉस एंजिल्स, 19 मार्च (हि.स.)। नाइट राइडर्स ग्रुप ने एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए 2026 के लिए अपने आधिकारिक घरेलू मैदान की घोषणा की है। यह 'नाइट राइडर्स क्रिकेट फील्ड' कैलिफोर्निया के पोमोना स्थित फेयरप्लेक्स में है। मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) टीम लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स (एलएकेआर) अपने एमएलसी 2026 के कुछ मैच इसी मैदान पर खेलेगी।

नाइट राइडर्स ग्रुप दक्षिणी कैलिफोर्निया में अपना क्रिकेट मैदान स्थापित करके इस क्षेत्र को अमेरिका में क्रिकेट के भावी केंद्र के रूप में बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। यह नया मैदान प्रशंसकों को विश्व स्तरीय क्रिकेट सुविधाओं के बीच दुनिया के कुछ सबसे रोमांचक खिलाड़ियों के उच्चतम गुणवत्ता वाले पेशेवर क्रिकेट का लाइव अनुभव कराएगा।

नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के सह-मालिक शाहरुख खान ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में नाइट राइडर्स एक वैश्विक परिवार के रूप में विकसित हुआ है और हर नई उपलब्धि हमारे लिए खास है। लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स (एलएकेआर) को नाइट राइडर्स क्रिकेट के रूप में अपना खुद का मैदान मिलते देखना बेहद रोमांचक है। अमेरिका एक बड़ा खेल बाजार है, जहां उत्साही प्रशंसक हैं और हम आशा करते हैं कि यह मैदान एक ऐसा स्थान बनेगा, जहां लोग खेल का जश्न मनाने और टीम का समर्थन करने के लिए एक साथ आएंगे। मैं लॉस एंजिल्स में नाइट राइडर्स के इस नए अध्याय के लिए बहुत उत्सुक हूं।

नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के सीईओ वेंकी मैसूर ने कहा कि लॉस एंजिल्स दुनिया के सबसे गतिशील खेल बाजारों में से एक है और नाइट राइडर्स ब्रांड के लिए एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। फेयरप्लेक्स के साथ साझेदारी में नाइट राइडर्स क्रिकेट फील्ड की स्थापना हमारी फ्रेंचाइजी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और हम अमेरिका में क्रिकेट को स्थापित करने और इस खेल को आगे बढ़ाने के लिए फेयरप्लेक्स के साथ दीर्घकालिक साझेदारी की आशा करते हैं।

फेयरप्लेक्स के अध्यक्ष और सीईओ वाल्टर एम. मार्केज ने कहा कि यह संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि हम अपने परिसर में दुनिया के सबसे बड़े खेलों में से एक क्रिकेट को प्रस्तुत करने के लिए नाइट राइडर्स के साथ साझेदारी करने को लेकर उत्साहित हैं।

एमएलसी के तीन सीजन में एलएकेआर अभी तक एक भी खिताब जीतने में नाकाम रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Tags