दिल्ली-एनसीआर में बारिश से मौसम सुहाना, हवा की गुणवत्ता में सुधार

युगवार्ता    19-Mar-2026
Total Views |
दिल्ली-एनसीआर में बारिश से मौसम हुआ ठंडा


नई दिल्ली, 19 मार्च (हि.स.)। दिल्ली-एनसीआर में बुधवार शाम हुई बारिश और गुरुवार को हल्की बूंदाबांदी से तापमान में 5 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। पालम और सफदरजंग में तापमान 29 डिग्री से गिरकर 19 डिग्री सेल्सियस हो गया, जबकि लोधी रोड पर 8.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अन्य इलाकों में भी तापमान 5 से 10 डिग्री तक घटा। बारिश से मौसम सुहाना हो गया है और वायु गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है।

मौसम विज्ञान विभाग ने आज (19 मार्च) के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी कि दोपहर से लेकर रात के बीच कभी भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है और तेज़ हवाएं चल सकती हैं। गुरुवार सुबह भी कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया। अगले दो दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा और बीच-बीच में बारिश और आंधी का असर देखने को मिलेगा। राजधानी के कई हिस्सों में सुबह से ही बादल छाए रहे और हवा की रफ्तार सामान्य से अधिक रही।

मौसम विभाग ने 19 एवं 20 मार्च को गरज-बिजली के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जारी किया है। बीस मार्च को अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम 16 से 18 डिग्री रहने का अनुमान हैै। 21 मार्च को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री तथा न्यूनतम 14 से 16 डिग्री रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में मौसम ठंडा और सुहावना बना रहेगा।

बारिश और आंधी के चलते हवा की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक बारिश के बाद आनंद विहार में एक्यूआई 198 से घटकर 145, अशोक विहार में 175 से घटकर 139, बवाना में 183 से घटकर 147, रोहिणी में 196 से घटकर 140 और जेएनयू में 129 से घटकर 112 हो गया। आईजीआई एयरपोर्ट पर एक्यूआई 127 दर्ज किया गया। राजधानी के कई इलाकों में प्रदूषण स्तर में गिरावट दर्ज की गई है। तालकटोरा गार्डन में भी एक्यूआई 131 से घटकर 119 हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags