
काठमांडू, 19 मार्च (हि.स.)। नेपाल सरकार ने पर्यटक वीजा पर आए विदेशी खिलाड़ियों को घरेलू टूर्नामेंट में खेलने से रोक दिया है। नेपाल फुटबाल संघ को भेजे गए पत्र में इमिग्रेशन विभाग ने कहा है कि विदेशी नागरिक जिस उद्देश्य से वीजा प्राप्त करता है, वह उसी उद्देश्य तक सीमित रहेगा।
इमिग्रेशन विभाग के निदेशक टीकाराम ढकाल ने गुरुवार को भेजे गए पत्र में उल्लेख किया है कि पर्यटक वीजा पर आए विदेशी खिलाड़ियों को घरेलू प्रतियोगिताओं में खिलाए जाने की शिकायत मिली है। पत्र में कहा गया है कि एन्फा की ओर से संचालित राष्ट्रीय महिला और पुरुष लीग फुटबॉल प्रतियोगिताओं में कुछ क्लबों ने विभिन्न देशों के पर्यटक वीजा पर आए विदेशी खिलाड़ियों को भी टीम में शामिल किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों के अनुसार पर्यटक वीजा पर आए व्यक्ति को किसी भी प्रकार का अन्य कार्य करने की अनुमति नहीं होती। अध्यागमन नियमावली के नियम 20 के तहत व्यवस्था है कि विदेशी नागरिक जिस उद्देश्य से वीजा प्राप्त करता है, वह उसी उद्देश्य तक सीमित रहेगा।
विभाग ने इस संबंध में युवा तथा खेलकूद मंत्रालय और राष्ट्रीय खेलकूद परिषद को भी पत्र भेजा है। विभाग ने फुटबॉल संघ से अनुरोध किया है कि कानून के विपरीत किसी भी विदेशी खिलाड़ी को घरेलू प्रतियोगिताओं में शामिल न किया जाए। यदि विदेशी खिलाड़ियों को खेल में शामिल करना आवश्यक हो, तो उन्हें नियमानुसार कार्य अनुमति (वर्क परमिट) और श्रम स्वीकृति लेकर ही शामिल होने दिया जाए। इसके साथ ही विभाग ने यह भी जानकारी दी है कि इस मामले में निगरानी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यदि बिना अनुमति के विदेशी खिलाड़ी किसी भी खेल में शामिल पाए गए, तो उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास