भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की दूसरी सूची, 112 सीटों पर नामों का ऐलान

युगवार्ता    19-Mar-2026
Total Views |
भाजपा


कोलकाता, 19 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को अपनी दूसरी उम्मीदवार सूची जारी कर दी। इस सूची में 112 विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। इसके साथ ही पहली सूची में एक उम्मीदवार का नाम भी बदला गया है।

इससे पहले भाजपा ने पहली सूची में 144 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। दूसरी सूची जारी होने के बाद अब 38 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित होने बाकी हैं।

दूसरी सूची के अनुसार, हावड़ा के श्यामपुर से हिरण चट्टोपाध्याय को टिकट दिया गया है। सोनारपुर दक्षिण सीट पर रूपा गांगुली को उम्मीदवार बनाया गया है, जहां उनका मुकाबला तृणमूल कांग्रेस की लवली मैत्रा से होने की संभावना है।

बैरकपुर के पूर्व सांसद अर्जुन सिंह को नोआपाड़ा से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं बैरकपुर विधानसभा सीट से अधिवक्ता कौस्तव बागची को टिकट दिया गया है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और कूचबिहार के पूर्व सांसद निशीथ प्रमाणिक को माथाभांगा से उम्मीदवार बनाया गया है। टॉलीगंज से पापिया अधिकारी और जादवपुर से शर्बरी मुखोपाध्याय को टिकट मिला है।

कृष्णगंज सीट से मौजूदा विधायक आशीष विश्वास का टिकट काटकर सुकांत विश्वास को उम्मीदवार बनाया गया है। मतुआ बहुल क्षेत्र माने जाने वाले बनगांव उत्तर, बनगांव दक्षिण और गोघाटा में क्रमशः अशोक कीर्तनिया, स्वपन मजूमदार और सुभ्रत ठाकुर को फिर से उम्मीदवार बनाया गया है।

हाबरा से देवदास मंडल, जगद्दल से पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश कुमार और विधाननगर से चिकित्सक शारद्वत मुखोपाध्याय को उम्मीदवार बनाया गया है। राजारहाट गोपालपुर से युवा अधिवक्ता तरुणज्योति तिवारी को टिकट दिया गया है।

संदेशखाली से सनत सरदार और हिंगलगंज से रेखा पात्र को उम्मीदवार बनाया गया है। बेहाला पश्चिम से भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष इंद्रनील खान को टिकट मिला है।

काशीपुर बेलगछिया से रितेश तिवारी, मानिकतला से प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष तापस राय और बालीगंज से राष्ट्रीय परिषद सदस्य शतरूपा को उम्मीदवार बनाया गया है।

पूर्व मिदनापुर के एगरा से नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के भाई दिव्येंदु अधिकारी को टिकट दिया गया है। पुरुलिया सदर से सुदीप मुखोपाध्याय और बांकुड़ा सदर से नीलाद्रि शेखर दाना को फिर से उम्मीदवार बनाया गया है।

भाजपा ने पहली सूची में विष्णुपुर सीट से घोषित उम्मीदवार अग्निश्वर नस्कर का नाम बदलकर विश्वजीत खां को उम्मीदवार बनाया है। जयपुर सीट पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार के रूप में विश्वजीत महतो का नाम सामने आया है।

हालांकि, पानीहाटी सीट पर अभी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है। सूत्रों के अनुसार इस सीट पर जल्द नाम घोषित किया जा सकता है।

भाजपा की इस सूची के साथ ही पश्चिम बंगाल में चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होता दिख रहा है, जहां सभी प्रमुख दल अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। --------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Tags