दिल्ली में आज दिनभर रुक-रुक कर बारिश का पूर्वानुमान, अनेक राज्यों में तेज आंधी की चेतावनी

युगवार्ता    20-Mar-2026
Total Views |
उपग्रह से प्राप्त तड़ित पूर्वानुमान।


नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। दिल्ली में आज सुबह से हल्की बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली के मौसम में यह बदलाव दिख रहा है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में दिनभर रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। विभाग ने कल पूर्वानुमान जताया था कि शुक्रवार को भी दिल्ली में पश्चिमी विक्षोभ का असर नजर आएगा। आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे। साथ ही लगभग 19 राज्यों में तेज आंधी के दौरान बेमौसमी बरसात हो सकती है।

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ के असर से दो दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश से तापमान में छह से सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का बड़ा असर उत्तर भारत में हुआ है। दिल्ली-एनसीआर समेत मैदानी इलाकों में तेज हवाओं और बारिश ने दस्तक दी है। पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी हो रही है। आज से कुछ दिनों के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली से लेकर कश्मीर तक लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पंजाब के कई हिस्सों में ओलावृष्टि और बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में 50-60 किलीमीटर/घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी और बिजली गिरने का खतरा है। इससे रबी की फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई गई है। मौसम के करवट लेते ही पहाड़ों पर कड़ाके की ठंड लौट आई है। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति, रोहतांग और कुल्लू के ऊपरी हिस्सों में ताजा बर्फबारी के कारण तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।

आईएमडी के मुताबिक बिहार में आज मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा भी चल सकती है। छत्तीसगढ़ में भी आज कुछ स्थानों पर आंधी (हवा की गति 50-60 किमी प्रति घंटा और 70 किमी प्रति घंटा तक के झोंके) आने की संभावना है। उत्तराखंड में भी आज हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश संभव है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मुजफ्फराबाद और गिलगित-बाल्टिस्तान में छिटपुट बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

पूर्वोत्तर भारत, तमिलनाडु, केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कई जगहों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज धूल भरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गुजरात, दक्षिण छत्तीसगढ़, ओडिशा, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, पूर्वी मध्य प्रदेश और दक्षिण तटीय कर्नाटक में छिटपुट बारिश संभव है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में 21 मार्च को अधिकतम तापमान 29-31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14-16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 22 मार्च से 24 मार्च तक अधिकतम तापमान 30-34 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 15-18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Tags