
नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स)। आर्थिक मोर्चे पर झटका लगने वाली खबर है। लगातार दूसरे हफ्ते विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट दर्ज हुई है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 13 मार्च को समाप्त हफ्ते में 7.05 अरब डॉलर घटकर 709.76 अरब डॉलर रह गया।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि 13 मार्च को समाप्त हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 7.05 अरब डॉलर घटकर 709.76 अरब डॉलर रहा है। इसके एक सप्ताह पहले देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 11.68 अरब डॉलर घटकर 716.81 अरब डॉलर रहा था।
आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार 13 मार्च को समाप्त सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 7.68 अरब डॉलर घटकर 555.57 अरब डॉलर रह गईं। हालांकि, इस अवधि में स्वर्ण भंडार का मूल्य 66.4 करोड़ डॉलर बढ़कर 130.68 अरब डॉलर रहा।
आंकड़ों के मुताबिक 13 मार्च को समाप्त हफ्ते के दौरान विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 2.3 करोड़ डॉलर घटकर 18.69 अरब डॉलर रहा। केंद्रीय बैंक के अनुसार अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित भंडार इस दौरान 1.5 करोड़ डॉलर घटकर 4.81 अरब डॉलर रह गया।
उल्लेखनीय है कि देश के विदेशी मुद्रा भंडार में 27 फरवरी को समाप्त हुए हफ्ते में 4.88 अरब डॉलर की वृद्धि हुई थी। साथ ही यह अब तक के सबसे उच्चतम स्तर 728.49 अरब डॉलर पर पहुंच गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर