सोनीपत में लापरवाही के कारण मौत मामले में एनएचआरसी ने जारी किया नोटिस

युगवार्ता    20-Mar-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने हरियाणा के सोनीपत में चिकित्सकीय लापरवाही के कारण कुत्ते के काटने से एक व्यक्ति की कथित मौत का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने शुक्रवार को स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के निदेशक और सोनीपत के आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

आयोग ने बताया कि 17 मार्च को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 15 फरवरी 2026 को एक व्यक्ति (44) को कचरा इकट्ठा करके ट्रक में डालते समय एक आवारा कुत्ते ने होंठ पर काट लिया। पीड़ित के परिवारवाले उसे सोनीपत के सिविल अस्पताल ले गए लेकिन वहां रेबीज रोधी टीके और सीरम की कमी के कारण उसे दिल्ली के नरेला स्थित राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। 10 दिनों के इलाज के बाद उसे 25 फरवरी 2026 को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। 3 मार्च को बुखार आने पर पीड़ित को परिवारवाले दोबारा उसी अस्पताल में ले गए लेकिन अस्पताल ने होली की छुट्टी का हवाला देते हुए उन्हें भर्ती करने से इनकार कर दिया। बाद में परिवारवाले उन्हें वापस घर ले आए और 5 मार्च को एक निजी अस्पताल में ले गए लेकिन यहां के डॉक्टरों ने मरीज का इलाज करने में असमर्थता जताई। उन्होंने पीड़ित को ईएसआई डिस्पेंसरी में स्थानांतरित कर दिया यहां से उन्हें पीजीआई, रोहतक ले जाया गया जहां उनकी मृत्यु हो गई।

खबरों के मुताबिक पीड़ित को समय पर उचित उपचार ना मिलने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। आरोप यह भी है कि सोनीपत नगर निगम के अधिकारी आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने में विफल रहे हैं जिसके कारण एक व्यक्ति की जान चली गई।

आयोग ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उठाए गए प्रस्तावित कदमों और मृतक के परिजनों को दिए गए मुआवजे (यदि कोई हो) का विवरण भी शामिल करने का निर्देश दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags