नेपाल में नई सरकार के गठन के लिए आरएसपी में बैठकों का दौर जारी

युगवार्ता    20-Mar-2026
Total Views |
सरकार गठन को लेकर आरएसपी के शीर्ष नेताओं की बैठक


काठमांडू, 20 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के शीर्ष नेताओं ने नई सरकार के गठन के लिए आंतरिक चर्चा और तैयारियां शुरू कर दी हैं।

निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिनिधि सभा चुनाव 2026 की रिपोर्ट राष्ट्रपति कार्यालय को प्रस्तुत कर देने के बाद आरएसपी के शीर्ष नेताओं के बीच नई सरकार गठन को लेकर बैठकों का दौर जारी है।

आरएसपी के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने अपने दोनों उपाध्यक्ष स्वर्णिम वाग्ले और डीपी अर्याल के साथ गुरुवार शाम बालेन्द्र शाह के साथ बैठक कर नई सरकार में शामिल होने वाले मंत्रियों की सूची पर चर्चा की है। बताया गया है कि बालेन्द्र और रवि की टीम के बीच समन्वय कर नई सरकार में सहभागी कराया जाएगा।

इस बैठक के बाद उपाध्यक्ष वागले ने कहा कि पार्टी ने नई सरकार बनाने के लिए आंतरिक तैयारी शुरू कर दी है, और सरकार के 28 मार्च को गठन होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व के साथ ही सांसदों को विशेषज्ञता के आधार पर सरकार के भूमिका दी जाएगी।

नेपाल के संघीय संसद सचिवालय ने सभी सांसदों के शपथ ग्रहण समारोह को 26 मार्च के लिए निर्धारित किया है। इसके दो दिन बाद, पार्टी नेताओं के अनुसार, वरिष्ठ नेता बालेन शाह प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, उससे पहले पार्टी को बालेन शाह को संसदीय दल का नेता नियुक्त करने के लिए अपने विधान में संशोधन करना होगा।

इस उद्देश्य से आरएसपी ने शनिवार को पार्टी बैठक आयोजित करने की तैयारी कर रही है, जिसमें विधान संशोधन और संसदीय दल के नेता का चयन किया जाएगा। रास्वपा के महासचिव कविन्द्र बुर्लाकोटी ने जानकारी दी है कि 18 सदस्यीय मंत्रिपरिषद के गठन के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा, “हम यथासंभव कम सदस्यों वाली मंत्रिपरिषद बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसे लगभग 18 के आसपास रखने के लिए तैयारी चल रही है।”

उनके अनुसार, इस दौरान कुछ मंत्रालयों को आपस में मिलाने या मंत्रियों को दोहरी जिम्मेदारी देने के विषय पर भी चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा, “मंत्रालयों की संख्या और मंत्री बनने वालों की सूची अभी तय नहीं हुई है, लेकिन हम इसे 18 या उससे कम रखने के लिए चर्चा कर रहे हैं।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags