उतार-चढ़ाव के बीच मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकोें को 3.10 लाख करोड़ का मुनाफा

युगवार्ता    20-Mar-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


- मुनाफा वसूली के कारण सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 901 अंक तक लुढ़का

नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। दिनभर उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद घरेलू शेयर बाजार आज मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में जोरदार तेजी आ गई। हालांकि दिन के दूसरे सत्र में मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट भी आई। बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 900 अंक से अधिक और निफ्टी 275 अंक से अधिक लुढ़क गए। राहत की बात रही कि बिकवाली का दबाव बनने के बावजूद दोनों सूचकांक लगातार हरे निशान में कारोबार करते रहे। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.44 प्रतिशत और निफ्टी 0.49 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान ऑटोमोबाइल, आईटी और मेटल सेक्टर के शेयरों में जमकर खरीदारी होती रही। इसी तरह फार्मास्यूटिकल, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, मीडिया, रियल्टी और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज आमतौर पर खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.67 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.09 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 429.23 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 426.13 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 3.10 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज के कारोबार में बीएसई में 4,432 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,454 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,814 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 164 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,979 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,721 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,258 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 22 शेयर बढ़त के साथ और 8 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 35 शेयर हरे निशान में और 15 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 352.14 अंक की मजबूती के साथ 74,559.38 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। छिटपुट बिकवाली के बीच लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से पहले दो घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1,079.15 अंक उछल कर 75,286.39 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई।

मुनाफा वसूली का दबाव बनने के बावजूद खरीदार भी बीच-बीच में लिवाली का जोर बनाते रहे, जिसकी वजह से सेंसेक्स की चाल में लगातार उतार-चढ़ाव होता रहा। बिकवाली के दबाव की वजह से शाम तीन बजे के करीब यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 901.35 अंक फिसल कर 177.80 अंक की सामान्य तेजी के साथ 74,385.04 अंक के स्तर तक पहुंच गया। अंत में खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिसकी वजह से सेंसेक्स 325.70 अंक की बढ़त के साथ 74,532.96 अंक के स्तर पर बंद होने में सफल रहा।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 108 अंक उछल कर 23,110.15 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसके कारण दोपहर 11:30 बजे के करीब यह सूचकांक 343 अंक की तेजी के साथ 23,345.15 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसके कारण निफ्टी की चाल भी ऊपर-नीचे होने लगी।

बिकवाली का दबाव बनने के कारण आज का कारोबार खत्म होने के आधा घंटा पहले यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 277.55 अंक टूट कर 23,067.60 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे निफ्टी निचले स्तर से सुधर कर 112.35 अंक की तेजी के साथ 23,114.50 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से जेएसडब्ल्यू स्टील 3.42 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 3.30 प्रतिशत, टाटा स्टील 3.29 प्रतिशत, कोल इंडिया 3.07 प्रतिशत और इंफोसिस 2.88 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 2.54 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 2.22 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 1.55 प्रतिशत, ओएनजीसी 1.37 प्रतिशत और श्रीराम फाइनेंस 1.18 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags