आगरा में पेड़ टकराई बोलेरो, केला देवी से दर्शन कर लौट रहे इटावा के पांच श्रद्धालुओं की मौत

युगवार्ता    20-Mar-2026
Total Views |
आगरा सड़क दुर्घटना 5 की मौत


आगरा, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद में गुरुवार रात केला देवी राजस्थान से दर्शन कर लौट रहे इटावा निवासी श्रद्धालुओं की बोलेरो पेड़ से टकराकर चकनाचूर हो गई। इस हादसे में ने पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना का कारण बोलेरो चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है।

आगरा जनपद के थाना चित्रहाट अंतर्गत ग्राम पई के पास आधीरात लगभग 12 बजे बोलेरो (यूपी 79 एक्स 1851) पेड़ से टकरा गई । कार में चालक सहित नौ लोग सवार थे । दुर्घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची और रेस्क्यू कर सभी लोगों को सीएचसी जैतपुर एंबुलेंस से भेजा। डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया और चार लोगों की हालत गंभीर बताते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज इटावा भेजा दिया ।

डीसीपी पूर्वी जोन आगरा अभिषेक अग्रवाल ने बताया दुर्घटना में एक ही परिवार के पांच लोगों की मृत्यु हुई हैं। इनकी पहचान इटावा जिले गण नगला वर थाना इकदिल निवासी दीपक की पुत्री आराध्य (08), देवेंद्र (35) और उनकी पत्नी सीमा (32), कामता (60) और प्रतापपुरा के रहने वाले ऋषि(30) के रूप में हुई है। घायलों में दीपक का बेटा ऋषभ, बेटी रश्मि, देवेंद्र का पुत्र आदित्य और औरैया के गोहनिकला का रहने वाला अवनीश शामिल हैं। सभी को मेडिकल कॉलेज इलाज के लिए भेजा गया है।

डीसीपी पूर्वी जोन ने बताया सभी लोग मां केला देवी के दर्शन करके वापस लौट रहे थे। रस्ते में ड्राइवर को नींद आने से बोलोरो अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पेड़ से जा टकरा गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vivek Upadhyay

Tags