शिवमोग्गा में गर्भवती दरियाई घोड़े के हमले से पशु चिकित्सक की मौत, मंत्री ने जताया शोक

युगवार्ता    20-Mar-2026
Total Views |
Samiksha reddy


शिवमोग्गा, 20 मार्च (हि.स.)। कर्नाटक राज्य के शिवमोग्गा स्थित त्यावरेकोप्पा टाइगर एंड लायन सफारी में दरियाई घोड़ा के हमले से एक पशु चिकित्सक की मौत हो गई। चिकित्सक गर्भवती दरियाई घाेड़ा का इलाज करने गई थी। डाॅक्टर की माैत पर राज्य के वन, पर्यावरण एवं जीव विज्ञान मंत्री ईश्वर खंड्रे ने गहरा शोक व्यक्त किया और पूरी घटना की जांच करने के निर्देश दिए हैं।

बताया गया कि बेंगलुरु निवासी 27 वर्षीय डॉ. समीक्षा रेड्डी हाल ही में पशु चिकित्सक के रूप में चयनित हुई थीं और प्रशिक्षण ले रही थीं। गुरुवार रात करीब 10:30 बजे वह चिड़ियाघर अस्पताल में ‘सन कॉनर’ पक्षी के उपचार के लिए गई थीं। इसके बाद गर्भवती दरियाई घोड़ा के शरीर का तापमान थर्मल कैमरे से जांचने के लिए उसके बाड़े में प्रवेश किया। तभी दरियाई घोड़ा ने अचानक डाॅ रेड्डी पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल डॉ. रेड्डी को रात करीब 11:45 बजे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आपातकालीन सर्जरी के बावजूद शुक्रवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।

इस घटना पर कर्नाटक के वन, पर्यावरण एवं जीव विज्ञान मंत्री ईश्वर खंड्रे ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार तुरंत मुआवजा दिया जाए। साथ ही सभी चिड़ियाघरों में वन्यजीवों के उपचार के दौरान मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। जांच के आदेश घटना की जांच के लिए वरिष्ठ पशु चिकित्सकों और वन अधिकारियों की टीम गठित की गई है। मंत्री ने 7 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

Tags