आंध्र प्रदेश : विजयनगरम में चलती बस में लगी आग, ओडिशा के कांग्रेस विधायक सहित 37 यात्री बाल-बाल बचे

युगवार्ता    21-Mar-2026
Total Views |
विजयनगरम में बस हादसा


हैदराबाद, 21 मार्च (हि.स.)। आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिला में शनिवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक निजी यात्री बस में अचानक आग लग गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 37 यात्री सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई।

यह घटना रामभद्रपुरम मंडल के तारापुरम के पास तड़के करीब 3:00 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, 'ओडिशा ट्रेवल्स' की बस भुवनेश्वर से मलकानगिरी (ओडिशा) जा रही थी। इसी दौरान बस का पिछला टायर अचानक फट गया, जिससे निकली चिंगारी ने कुछ ही पलों में पूरी बस को आग की चपेट में ले लिया।

बस में सवार यात्रियों में मंगू खिल्ला भी शामिल थे, जो ओडिशा के चित्रकोंडा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक हैं। वे भी इस हादसे में पूरी तरह सुरक्षित रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, टायर फटते ही बस चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को रोका और सभी यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। उस समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, लेकिन चालक ने खिड़कियां खोलकर और शोर मचाकर सभी को समय रहते जगा दिया।

विधायक मंगू खिल्ला ने घटना के बारे में बताया, बस में आग लगते ही ड्राइवर की सूझबूझ ने हम सबकी जान बचा ली। हम सभी सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, हालांकि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। बाद में ट्रैवल एजेंसी ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी बस 'एशियन स्माइल' का इंतजाम किया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह टायर फटना और उससे निकली चिंगारी को माना जा रहा है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Tags