



हांगकांग, 21 मार्च (हि.स.)। तीसवां हांगकांग अंतरराष्ट्रीय फिल्म और टीवी बाजार (फिल्मार्ट) और एंटरटेनमेंटपल्स शुक्रवार को यहां सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। चार दिवसीय इस आयोजन में 53 देशों और क्षेत्रों से लगभग 8,000 फिल्म उद्योग के विशेषज्ञों ने भाग लिया जिन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) तथा रचनात्मक बौद्विक संपदा यानी क्रियेटिव इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी (आईपी) के बेहतर उपयोग के मुद्दों पर गहन विचार मंथन किया।
हांगकांग व्यापार विकास परिषद द्वारा 17 से 20 मार्च तक आयोजित इस प्रदर्शनी में 38 देशों और क्षेत्रों के 790 फिल्म प्रदर्शक शामिल हुए। इनमें आसियान सदस्य देशों– कंबोडिया, मलेशिया, थाईलैंड और वियतनाम – के साथ-साथ कनाडा, फ्रांस, इटली, कोरिया, ब्रिटेन और अमेरिका जैसे पुराने एवं मंझे हुए बाजार भी शामिल थे। आयोजकों के अनुसार इस आयोजन में विविधता पूर्ण भागीदारी ने हांगकांग की सांस्कृतिक और कलात्मक आदान-प्रदान की जीवंत भूमिका को पुन: रेखांकित किया है।
फिल्मार्ट और एंटरटेनमेंटपल्स 2026 ने न केवल हांगकांग को एशिया के एक प्रमुख मनोरंजन व्यापार केंद्र के रूप में मजबूती से स्थापित किया है बल्कि यह भी दिखाया है कि नवान्वेषण, सहयोग और सीमा-पार साझीदारियां वैश्विक फिल्म और टेलीविजन उद्योग का भविष्य तय कर रही हैं। इस आयोजन से फिल्मार्ट भी एक बार फिर से एशिया के सबसे प्रभावशाली कारोबारी प्लेटफॉर्म के रूप में अपनी महत्ता स्थापित करने में सफल रहा। सिंगापुर, श्रीलंका और म्यांमार के प्रथम बार भाग लेने वाले प्रदर्शकों ने अंतरराष्ट्रीय साझीदारियों के अवसरों की सराहना की। ब्रिटेन के खरीदार बिज़हान टोंग ने कहा, “फिल्मार्ट वैश्विक स्तर पर सीमा-पार सहयोग को बढ़ावा देने वाले सबसे प्रभावी प्लेटफॉर्मों में से एक है।”
इस वर्ष फिल्मार्ट का प्रमुख आकर्षण एआई रहा, जहां प्रमुख चीनी तकनीकी कंपनियों ने एआई एनीमेशन, शॉर्ट ड्रामा और डिजिटल ह्यूमन जैसी नवीनतम तकनीकें प्रदर्शित कीं। साथ ही, नव स्थापित एआई एकेडमी ने 19 कार्यशालाओं के माध्यम से पेशेवरों को व्यावहारिक एआई कौशल और उभरते रुझानों की जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया।
इसी दौरान प्रोड्यूसर्स कनेक्ट पहल ने हांगकांग और दुनियाभर के 100 से अधिक निर्माताओं को एक साथ जोड़ा। गोल्डन ग्लोब विजेता निर्माता जेनेट यांग और निर्देशक पीटर चान ने अंतरराष्ट्रीय सह-निर्माण पर अपने विचार साझा किए और निवेशकों को विविध क्षेत्रों में जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।प्रदर्शनी में भारतीय फिल्म एवं मनोरंजन उद्योग को समर्पित भारत पैवेलियन भी स्थापित की गयी थी।
भारत पवेलियन में गुरुवार को एक विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई थी। हांगकांग में भारत के महावाणिज्य दूत राजेश नाइक और सेवा निर्यात संवर्धन परिषद (एसईपीसी) के महानिदेशक अभय सिन्हा के साथ एचकेटीडीसी के जॉनसन एनजी और जोसेफिन लैम भी उपस्थित थे। बातचीत में फिल्मआर्ट प्रतिनिधियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखी गई, जिन्होंने इस वर्ष के बाजार में मजबूत भारतीय उपस्थिति की सराहना की और फिल्मार्ट के भविष्य के संस्करणों में भारत के बढ़ते पदचिह्न और सहयोग के व्यावहारिक अवसरों पर चर्चा की।
प्रदर्शनी में भारतीय फिल्म एवं मनोरंजन उद्योग को समर्पित भारत पैवेलियन भी स्थापित की गयी थी।
एंटरटेनमेंटपल्स और डिजिटल एंटरटेनमेंट शिखर सम्मेलन में स्ट्रीमिंग रणनीतियों, शॉर्ट ड्रामा, वित्तपोषण और एआई जैसे विषयों पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने रचनात्मक बौद्विक संपदा यानी क्रियेटिव इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी (आईपी) के बेहतर मूल्यांकन की आवश्यकता पर जोर दिया ताकि निवेश आकर्षित किया जा सके। प्रदर्शनी के आयोजन के साथ-साथ फिल्मार्ट ऑनलाइन आईपी कैटलॉग में 2200 से अधिक रचनात्मक परियोजनाएं सूचीबद्ध की गईं। यह प्लेटफॉर्म 27 अप्रैल 2026 तक खुला रहेगा, जिससे उद्योग प्रतिभागी भौगोलिक सीमाओं से परे जाकर व्यापारिक अवसरों का विस्तार कर सकेंगे।
सम्मेलन में हांगकांग स्वायत्त प्रशासकीय क्षेत्र (एचकेएसएआर) के प्रशासन के मुख्य सचिव चान क्वोक की, एचकेएसएआर के संस्कृति, खेल और पर्यटन सचिव रोसन्ना लॉ, एचकेटीडीसी के अध्यक्ष प्रोफेसर फ्रेडरिक मा, एचकेटीडीसी मनोरंजन उद्योग सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. पीटर लैम, हांगकांग इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. विल्फ्रेड वोंग, किन झेंगुई, फिल्म ब्यूरो के उप महानिदेशक और चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के प्रचार विभाग के पटकथा योजना केंद्र के प्रबंध निदेशक, यांग योंग, उप महानिदेशक, अंतरराष्ट्रीय सहयोग विभाग (हांगकांग, मकाओ और ताइवान मामलों का कार्यालय) तथा राष्ट्रीय रेडियो और टेलीविजन प्रशासन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया