भुवनेश्वर, 21 मार्च (हि.स.)। 24वीं राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 का समापन शानदार प्रदर्शन के साथ हुआ, जिसमें हरियाणा ने 95 पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। 17 से 21 मार्च तक भुवनेश्वर में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के पैरा एथलीट्स ने दमदार प्रदर्शन किया।
हरियाणा ने कुल 95 पदक जीते, जिसमें 39 स्वर्ण, 31 रजत और 25 कांस्य शामिल हैं। तमिलनाडु 51 पदकों (14 स्वर्ण) के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि गुजरात 30 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। मेजबान ओडिशा 17 पदकों के साथ नौवें स्थान पर रहा।
इस चैंपियनशिप में 28 राज्यों के 1,460 पैरा एथलीट्स ने भाग लिया। इसके अलावा बीएसएफ और एसएससीबी की टीमों ने भी 145 स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।
पुरुष डिस्कस थ्रो एफ11 में हरियाणा के मोनू घांगस ने 35.05 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं, एफ51–एफ53 वर्ग में उत्तर प्रदेश के राम रतन सिंह ने 11.98 मीटर के साथ पहला स्थान हासिल किया।
महिला लॉन्ग जंप टी11-टी12 में गुजरात की दमोर तेजलबेन अमराजी ने 4.95 मीटर के साथ स्वर्ण पदक जीता। महिला जैवलिन थ्रो एफ12–एफ13 में अरुणाचल प्रदेश की किपा मेरो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
ट्रैक इवेंट्स में गुजरात के भट्ट राकेशभाई ने पुरुष 200 मीटर टी37 में स्वर्ण जीता, जबकि महाराष्ट्र के अभिषेक बाबासाहेब जाधव ने 200 मीटर टी35 में पहला स्थान हासिल किया।
लंबी दूरी की दौड़ में हिमाचल प्रदेश के सौरभ शर्मा और हरियाणा के अंकुर धामा ने 5000 मीटर स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते।
ओडिशा की सुचित्रा परिडा ने महिला जैवलिन थ्रो F56 में स्वर्ण पदक जीता। वहीं, पुरुष डिस्कस थ्रो एफ64 में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने दबदबा दिखाते हुए कार्तिक चाहल और सागर थयात ने क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक जीते।
इस चैंपियनशिप ने देश में पैरा खेलों की बढ़ती लोकप्रियता और खिलाड़ियों के उच्च स्तर के प्रदर्शन को दर्शाया। हरियाणा की इस शानदार जीत ने एक बार फिर साबित किया कि राज्य पैरा एथलेटिक्स में अग्रणी बना हुआ है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय