राष्ट्रीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी मुरादाबाद की पायल

युगवार्ता    21-Mar-2026
Total Views |
हैंडबॉल खिलाड़ी मुरादाबाद निवासी पायल सिंह।


मुरादाबाद, 21 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए मुरादाबाद की पायल सिंह पसीना बहा रहीं हैं। उनका लक्ष्य इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतना है। इसलिए वह प्रत्येक दिन सोनकपुर स्टेडियम में चार से पांच घंटे कड़ा अभ्यास कर खुद को तैयार करने में जुटी हैं। यह प्रतियोगिता 30 मार्च से 3 अप्रैल तक बरेली में आयोजित की जाएगी।

डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के सचिव विजय गुप्ता ने बताया कि मुरादाबाद निवासी हैंडबॉल खिलाड़ी पायल सिंह ने 2016 में राजस्थान के जैसलमेर में सब-जूनियर नेशनल, 2017 में कर्नाटक में जूनियर नेशनल और 2018 में पंजाब के संगरूर में आयोजित फेडरेशन कप में कांस्य पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विजय गुप्ता ने आगे बताया कि वर्ष 2019 में जौनपुर और वाराणसी में आयोजित ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में पायल ने स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद 2021 में कानपुर में आयोजित जूनियर नेशनल में उत्तर प्रदेश टीम के साथ कांस्य पदक भी अपने नाम कर चुकी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Tags