
भारतीय सिनेमा के दिग्गज निर्देशक एसएस राजामौली ने अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' की जमकर सराहना की है। करीब चार घंटे लंबे रनटाइम वाली इस फिल्म को लेकर राजामौली ने कहा कि इतनी लंबी फिल्म बनाना और उसे सिनेमाघरों में रिलीज करना बेहद हिम्मत का काम है। उन्होंने निर्देशक आदित्य धर की तारीफ करते हुए फिल्म के विजुअल्स, कहानी और भव्य पैमाने को बेमिसाल बताया।
राजामौली ने खास तौर पर आर माधवन के प्रदर्शन की सराहना की और सोशल मीडिया पर उन्हें टैग करते हुए लिखा कि उन्होंने एक राष्ट्र की लाचारी और हताशा को बेहद प्रभावशाली ढंग से पर्दे पर उतारा है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें 'धुरंधर' पसंद आई थी, लेकिन इसका सीक्वल हर मायने में उससे एक कदम आगे है और भव्यता के साथ-साथ भावनात्मक गहराई में भी शानदार है।
फिल्म की कहानी और निर्देशन पर बात करते हुए राजामौली ने कहा कि लेखन, कास्टिंग, तकनीकी पहलू और संगीत सभी उत्कृष्ट हैं, लेकिन इसकी सबसे बड़ी ताकत इसकी भावनात्मक गहराई है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखती है। वहीं, रणवीर सिंह की परफॉर्मेंस को उन्होंने 'मास्टरक्लास' बताते हुए कहा कि शुरुआत से लेकर क्लाइमैक्स तक उन्होंने अपने किरदारों में जान डाल दी है।
गौरतलब है कि 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर भी रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने पहले ही दिन 102.55 करोड़ रुपये की कमाई कर इतिहास रच दिया, जबकि दो दिनों में इसका कलेक्शन 200 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। इससे पहले दिसंबर 2025 में रिलीज हुई 'धुरंधर' ने 27 करोड़ रुपये की ओपनिंग दर्ज की थी, लेकिन सीक्वल ने हर स्तर पर इसे पीछे छोड़ दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे