
सिडनी, 21 मार्च (हि.स.)। जापान की महिला फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शनिवार को ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम को 1-0 से हराकर एएफसी महिला एशियन कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। यह जापान का तीसरा एशियन कप खिताब है।
फाइनल मुकाबला सिडनी के स्टेडियम ऑस्ट्रेलिया में खेला गया, जहां रिकॉर्ड 74,357 दर्शक मौजूद रहे।
जापान की जीत की नायिका माइका हमानो रहीं, जिन्होंने 17वें मिनट में शानदार लंबी दूरी का गोल दागकर मैच का एकमात्र गोल किया। टॉटनहैम क्लब से खेलने वाली हमानो का यह गोल ऑस्ट्रेलिया के लिए हार का कारण बना। जापान ने इससे पहले 2014 और 2018 में भी खिताब जीता था और दोनों बार फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को ही 1-0 से हराया था।
यह टूर्नामेंट दर्शकों की भारी मौजूदगी के कारण भी ऐतिहासिक रहा। पूरे टूर्नामेंट में 3.5 लाख से अधिक दर्शक स्टेडियम पहुंचे, जो 2010 (चीन) के पिछले रिकॉर्ड से करीब छह गुना ज्यादा है।
यह एशियन कप अगले साल ब्राजील में होने वाले महिला विश्व कप के क्वालीफायर के रूप में भी अहम रहा। इस टूर्नामेंट से जापान, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण कोरिया, चीन, उत्तर कोरिया और फिलीपींस ने विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया।
मैच की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया ने आक्रामक खेल दिखाया और 11वें मिनट में कैटलिन फोर्ड के पास गोल करने का सुनहरा मौका था, लेकिन उनका शॉट जापान की गोलकीपर अयाका यामाशिता ने आसानी से रोक लिया।
इसके बाद जापान ने 17वें मिनट में बढ़त बना ली, जिसे अंत तक कायम रखा। दूसरे हाफ में ऑस्ट्रेलिया ने बराबरी के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन जापान की मजबूत डिफेंस के आगे सफल नहीं हो सका।
मैच के अंतिम क्षणों में अलाना कैनेडी ने बराबरी का शानदार मौका बनाया, लेकिन वह भी गोल में तब्दील नहीं हो सका।
जापान ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया, जहां उसने छह मैचों में 29 गोल किए और सिर्फ एक गोल खाया, जिससे उसने एशिया की नंबर-1 टीम होने का दम फिर साबित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे