पश्चिम एशिया संकट केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के लिए चिंता का विषय: राजनाथ

युगवार्ता    21-Mar-2026
Total Views |
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए।


हल्द्वानी में मंचासीन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री धामी व अन्य।


हल्द्वानी, 21 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिमी एशिया में चल रहे संघर्ष पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया एक संकट के दौर से गुजर रही है। पश्चिम एशिया में लगातार हमले हो रहे हैं और यह केवल भारत के लिए ही नहीं, बल्कि बल्कि पूरे विश्व के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इस पर भारत का पक्ष साफ है कि मामला बातचीत व कूटनीति से हल किया जाना चाहिए।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर हल्द्वानी स्थित एमबी इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने संभावित ऊर्जा या खाद संकट से निपटने में प्रधानमत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों की सराहना की। सिंह ने कहा कि अब तक प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सूझबूझ के आधार पर वैश्विक संकट से भारत को दूर रखा है लेकिन भविष्य में इसका क्या प्रभाव पड़ेगा, अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर पैदा हुए संकट को दूर करने के लिए जो भी कोशिश की जा रही है, उसका उत्तराखंड वासियों के द्वारा भी उसका समर्थन किया जाना चाहिए।

राजनाथ ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर चुनाव में हार के बाद ईवीएम पर सवाल उठाने के साथ संवैधानिक व्यवस्थाओं पर प्रश्न चिन्ह लगाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब-जब चुनाव हारती है, तब ये लोग ईवीएम को दोष देते हैं। कभी चुनाव आयोग को दोष देते हैं। ईसी से लेकर ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) तक लगभग हर संस्था तब कठघरे में खड़ी कर दी गई जब उसके फैसले कांग्रेस के अनुमानों के विपरीत निकलते हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने विकास को सर्वोच्च शिखर पर पहुंचाया है। तेजी से विकास कार्य किए हैं। धामी सरकार ने चार वर्षो में जो कार्य किए हैं, उसके आधार पर अब धामी को धाकड़ धामी नहीं बल्कि धुंरधर धामी कहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह से राज्य में विकास हुए हैं उसे वे उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास का साधारण अध्याय नहीं मानते, बल्कि उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय मानते हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को सुरक्षित रखने के साथ इसकी पवित्रता महत्वपूर्ण हैं और धामी सरकार इस दिशा में भी तेजी से कार्य कर रही है। अवैध घुसपैठ और अतिक्रमण के खिलाफ जो सरकार ने कार्य किए हैं वह प्रशंसनीय है।

राजनाथ ने कहा कि पूरे भारत में उत्तराखंड को देवभूमि के साथ वीर भूमि के रूप में जाना जाता है। नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्तराखंड की महिलाएं आर्दश है। उत्तराखंड की रानी कर्णावती, गौरादेवी, बछेन्द्री पाल, बसंती देवी, वंदना कटारिया को पूरा देश जानता है।

केंद्रीय मंत्री ने चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, गोविन्द घाट-हेमकुंड साहिब व यमुनोत्री रोपवे, जमरानी बांध परियोजना समेत अन्य योजनाओं को उत्तराखंड के लिए वरदान करार दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास को गति देने में धामी सरकार ने कोई कमी नहीं छोड़ी और यही वजह है कि अपार जन समर्थन के साथ भाजपा उत्तराखंड में तीसरी बार फिर सरकार बनाएगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड लगातार विकसित राज्य की ओर बढ़ रहा है और जल्द ही यह राज्य देश के सबसे विकसित राज्यों में शामिल हो जाएगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद अजय भट्ट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत किया।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Tags