खड़गपुर रेलवे में अंतर-विभागीय खेल महोत्सव संपन्न

युगवार्ता    21-Mar-2026
Total Views |
दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा खेल प्रतियोगिता


दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा खेल प्रतियोगिता


दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा खेल प्रतियोगिता


दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा खेल प्रतियोगिता


दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा खेल प्रतियोगिता


खड़गपुर, 2 मार्च (हि.स.)।

खड़गपुर मंडल के विभिन्न विभागों के बीच आयोजित पांचवे अंतर-विभागीय खेल महोत्सव-2026 का समापन समारोह 19 और 20 मार्च के अनिमेष कुमार गांगुली सेरसा (एसईआरएसए) स्टेडियम में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हुआ। दो दिनों तक चले इस खेल महोत्सव में कर्मचारियों ने खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

शनिवार दोपहर रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, महोत्सव के अंतिम दिन 20 मार्च (शुक्रवार) देर रात विभिन्न खेलों के फाइनल मुकाबले खेले गए, जिनमें प्रतिभागियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। क्रिकेट प्रतियोगिता में ट्रैफिक विभाग विजेता रहा, जबकि फुटबॉल और वॉलीबॉल में मैकेनिकल विभाग ने खिताब अपने नाम किया। बैडमिंटन में ट्रैफिक विभाग ने जीत दर्ज की। कैरम में एसएंडटी और स्टोर्स विभाग को संयुक्त विजेता घोषित किया गया, वहीं शतरंज प्रतियोगिता में इंजीनियरिंग विभाग ने बाजी मारी।

पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के आधार पर आरपीएफ विभाग को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया।

समापन समारोह में मंडल रेल प्रबंधक , खड़गपुर ललित मोहन पांडे ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनकी खेल भावना, टीमवर्क और समर्पण के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन कर्मचारियों के बीच आपसी भाईचारे और कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा देते हैं।

इस अवसर पर सेरवो (एसईआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ) की अध्यक्षा, सदस्यगण तथा मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। उनकी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ी और प्रतिभागियों का मनोबल भी ऊंचा हुआ।

महोत्सव का समापन उत्साह, सौहार्द और एकता के संदेश के साथ हुआ, जिसमें विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आयोजन को सफल बनाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

Tags