
कुवैत सिटी, 22 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच करीब तीन हफ्ताें से जारी युद्ध के बीच कुवैत ने पिछले 24 घंटों में उसके हवाई क्षेत्र की ओर बढ़ रही ईरान की नौ बैलिस्टिक मिसाइलों और चार ड्रोन को मार गिराया है। फिलहाल, इससे जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।
अजरबैजान के अंग्रेजी समाचार पत्र अजर न्यूज और तुर्किये की संवाद समिति अनाडाेलू एजेंसी (एए) के अनुसार, कुवैत ने अपनी सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। कुवैती सेना के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान उसके हवाई रक्षा प्रणालियों ने देश के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर रही नौ बैलिस्टिक मिसाइलों और चार ड्रोन को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया।
कुवैत रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता कर्नल सऊद अब्दुल अज़ीज अल-अतवान के अनुसार, एयर डिफेंस यूनिट्स ने सभी खतरों का समय रहते पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि इस कार्रवाई में किसी भी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
प्रवक्ता के अनुसार, रक्षा प्रतिनिधियों ने पहले नौ बैलिस्टिक मिसाइलों को ट्रैक किया और उन्हें कुवैत के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले ही मार गिराया। इसके बाद चार ड्रोन को भी पहचान कर नष्ट कर दिया गया।
सेना ने बयान में कहा कि वह देश की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क और तैयार है। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब ईरान के साथ इज़राइल-अमेरिका का तनाव खतरनाक रूप से लगातार बढ़ रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, 28 फरवरी से अमेरिका-इजरायल और ईरान की जारी युद्ध के बीच ईरान ने खाड़ी देशों में जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने मौजूद हैं, उनको घेरते हुए बार-बार मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। कुवैत पर हुआ यह हमला बढ़ते सैन्य संघर्ष का हिस्सा है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी