
नई दिल्ली/पटना, 23 मार्च (हि.स.)। बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग को जल संसाधन से संबंधित महत्वपूर्ण गणनाओं के सफल संचालन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान विश्व जल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल द्वारा प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना, राज भूषण चौधरी तथा जल शक्ति मंत्रालय के सचिव वी.एल. कांथा राव भी उपस्थित रहे। योजना एवं विकास विभाग की ओर से यह सम्मान अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने प्राप्त किया। इस अवसर पर आर्थिक एवं सांख्यिकी निदेशालय (डीईएस) के निदेशक रणजीत कुमार भी मौजूद थे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि जून से अक्टूबर तक विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य और उसके बाद चुनावी जिम्मेदारियों के बावजूद विभाग की टीम ने सीमित समय में इन महत्वपूर्ण गणनाओं को सफलतापूर्वक पूरा किया।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विभागीय समर्पण, टीम वर्क और प्रभावी नेतृत्व का परिणाम है। साथ ही इन आंकड़ों से राज्य में जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण को नई दिशा मिलेगी।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी