ग्लोबल मार्केट से जबरदस्त कमजोरी के संकेत, एशिया में भी चौतरफा बिकवाली का दबाव

युगवार्ता    23-Mar-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के और बढ़ जाने तथा स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से ऑयल टैंकर्स की आवाजाही को लेकर बनी असमंजस की स्थिति के कारण ग्लोबल मार्केट में दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान दो प्रतिशत तक की गिरावट का शिकार हो गए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज कमजोरी के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार दबाव बना रहा। वहीं एशियाई बाजार भी आज बड़ी गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे हैं।

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था में उथल-पुथल होने की आशंका की वजह से अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान डर का माहौल बना रहा। इस डर के कारण वॉल स्ट्रीट के सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। एस एंड पी 500 इंडेक्स 100.01 अंक यानी 1.51 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 6,506.48 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 443.08 अंक यानी 2.01 प्रतिशत टूट कर 21,647.61 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.17 प्रतिशत फिसल कर 45,504.02 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली होती रही। एफटीएसई इंडेक्स 145.17 अंक यानी 1.46 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 9,918.33 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 142.25 अंक यानी 1.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,665.62 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 459.37 अंक यानी 2.05 प्रतिशत लुढ़क कर 22,380.19 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशिया में भी आज चौतरफा गिरावट के साथ कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ बाजार में से आठ के सूचकांक बड़ी गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। इंडोनेशिया के स्टॉक एक्सचेंज में छुट्टी होने की वजह से जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में कोई बदलाव नहीं हुआ है। गिफ्ट निफ्टी 430.50 अंक यानी 1.86 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,706 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह सेट कंपोजिट इंडेक्स 1.87 प्रतिशत टूट कर 1,406.22 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।

कोस्पी इंडेक्स में आज बड़ी गिरावट नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 337.97 अंक यानी 5.85 प्रतिशत लुढ़क कर 5,443.23 अंक के स्तर तक गिर गया है। इसी तरह निक्केई इंडेक्स 2,087.53 अंक यानी 3.91 प्रतिशत फिसल कर 51,285 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा हैंग सेंग इंडेक्स 869.32 अंक यानी 3.44 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,408 अंक के स्तर पर, ताइवान वेटेड इंडेक्स 927.45 अंक यानी 2.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 32,616.43 अंक के स्तर पर, शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 98.87 अंक यानी 2.50 प्रतिशत टूट कर 3,858.18 अंक के स्तर पर और स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 108.88 अंक यानी 2.20 प्रतिशत फिसल कर 4,839.99 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags