इंडिगो ने आलोक सिंह को मुख्य रणनीति अधिकारी किया नियुक्त

युगवार्ता    23-Mar-2026
Total Views |
इंडिगो एयरलाइन के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स)। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो के बोर्ड ने सोमवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस के पूर्व प्रबंध निदेशक आलोक सिंह को अपना मुख्य रणनीति अधिकारी (सीएसओ) नियुक्त किया है।

इंडिगो ने जारी एक बयान में कहा कि कंपनी ने आलोक सिंह को अपना मुख्य रणनीति अधिकारी (सीएसओ) नियुक्त किया है। बयान के मुताबिक सिंह कंपनी की दीर्घकालिक रणनीतिक योजना का नेतृत्व करेंगे और व्यापक स्तर पर ऐसे परिवर्तनकारी कदम उठाएंगे, जो वृद्धि तेज करने, परिचालन की दक्षता बढ़ाने और वैश्विक विमानन क्षेत्र में प्रतिस्पर्धी स्थिति मजबूत करने पर केंद्रित होंगे।

कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) राहुल भाटिया ने कहा कि सिंह में रणनीतिक दृष्टि और परिचालन क्षमता का उत्कृष्ट मिश्रण है। उन्होंने कहा, ‘उन्हें विमानन प्रणाली की व्यापक समझ है, जो हमारे लिए बेहद मूल्यवान होगी, क्योंकि हम एक अधिक मजबूत, सक्षम और भविष्य के लिए तैयार संगठन बना रहे हैं।

भाटिया ने बताया कि अपने अगले वृद्धि चरण को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। फिलहाल, अलोक सिंह मेरे सीधे अधीन होंगे। जैसे ही कोई नया सीईओ पद संभालेगा, वह नए मुख्य कार्यपालक अधिकारी को रिपोर्ट करेंगे।’

उल्लेखनीय है कि आलोक सिंह की ये नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब इंडिगो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पीटर एल्बर्स के अचानक इस्तीफे को दो सप्ताह भी नहीं हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags