
इंडिया कैप्टन टीम की ओर से खेलेंगे मिर्जा दानिश आलम
मुरादाबाद, 23 मार्च (हि.स.)। लीजेंड्स लीग क्रिकेट (सीजन 4.0) में इंडिया कैप्टन टीम में पीतलनगरी मुरादाबाद के युवा क्रिकेटर मिर्जा दानिश आलम का चयन होने से पूरे जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई है। सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और लगन से पहचान बनाने वाले दानिश आलम की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है।
डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के सचिव व पूर्व रणजी खिलाडी विजय गुप्ता एडवोकेट ने साेमवार काे बताया कि मिर्जा दानिश आलम ने अपने क्रिकेट करियर में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। वे इससे पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ मैदान साझा कर चुके हैं और अपने खेल से क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान आकर्षित कर चुके हैं। अब लीजेंड्स लीग जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उनका चयन होना उनके करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।
दानिश आलम ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि उनकी टीम के कप्तान दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज क्रिकेटर हाशिम अमला हैं। इसके अलावा टीम में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं, जिनके साथ खेलना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न सिर्फ उनके लिए, बल्कि मुरादाबाद शहर के लिए भी गौरव का विषय है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल