
लखनऊ, 23 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा मंगलवार को विश्व क्षय रोग दिवस 2026 के अवसर पर गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय ग्रेटर नोएडा से “टीबी मुक्त भारत के 100 दिवसीय अभियान का शुभारम्भ करेंगे। यह जानकारी अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष ने दी।
साेमवार काे राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत नि-क्षय वाहन के फ्लैग-ऑफ से होगी, जिसके पश्चात आयुष्मान आरोग्य शिविर का उद्घाटन एवं स्थल का अवलोकन किया जाएगा। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि यह आयोजन भारत को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो जनभागीदारी, नवाचार और समन्वित प्रयासों के माध्यम से इस लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
उन्हाेंने बताया कि केंद्रीय मंत्री एक रिमोट के माध्यम से “टीबी मुक्त भारत अभियान– 100 दिवसीय अभियान”, “टीबी मुक्त भारत ऐप विथ खुशी (ई-नि-क्षय मित्र)” तथा “टीबी फ्री अर्बन वार्ड इनिशिएटिव” का शुभारंभ करेंगे। साथ ही नि-क्षय मित्रों का सम्मान भी किया जाएगा, जिन्होंने टीबी उन्मूलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कार्यक्रम में ‘नि-क्षय शपथ’ दिलाई जाएगी। उन्हाेंने बताया कि इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव, केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी और जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन