तमिलनाडु विधानसभा चुनाव: मदुरै सेंट्रल सीट पर कांटे की टक्कर के आसार

युगवार्ता    23-Mar-2026
Total Views |
மதுரை மத்திய தொகுதி தேர்தல்


मदुरै, 23 मार्च (हि.स.)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर मदुरै सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र एक अहम और हाई-प्रोफाइल सीट के रूप में उभर रहा है। मदुरै जिले का यह प्रमुख निर्वाचन क्षेत्र मदुरै लोकसभा सीट के अंतर्गत आता है और शहर के केंद्रीय हिस्सों, व्यावसायिक इलाकों व पुराने आवासीय क्षेत्रों को समेटे हुए है।

ऐतिहासिक मीनाक्षी सुंदरेश्वरर मंदिर के आसपास विकसित इस क्षेत्र में लगभग 22 वार्ड शामिल हैं। विलांगुडी, तत्तनेरी, अरप्पालयम, पोननगरम, कृष्णापालयम, अलगरडी, एस.एस. कॉलोनी, सुंदराजपुरम, मेलामासी स्ट्रीट, चित्रई स्ट्रीट और काजिमार स्ट्रीट जैसे इलाके इस सीट की राजनीतिक और सामाजिक संरचना को तय करते हैं।

करीब ढाई लाख मतदाताओं वाले इस क्षेत्र में व्यापारी वर्ग, छोटे उद्योगों से जुड़े लोग और मध्यम वर्ग की बड़ी आबादी रहती है। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) के पी.टी.आर. पलनिवेल थियागराजन ने पीडीके के ज्योति मुथुरामलिंगम को 34,176 वोटों से हराकर जीत दर्ज की थी। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में इस क्षेत्र में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) को बढ़त मिली थी।

हालांकि, शहरी केंद्र होने के कारण यह क्षेत्र कई बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है। ट्रैफिक जाम, पार्किंग की कमी, फुटपाथों पर अतिक्रमण, जलभराव, खराब ड्रेनेज व्यवस्था, पेयजल संकट और सीवेज जैसी समस्याएं यहां के प्रमुख मुद्दे हैं। वैगई नदी में गंदे पानी का बहाव भी लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

द्रमुक के नेता आर. कार्तिक का कहना है कि क्षेत्र के अधिकांश वार्डों में पार्टी की मजबूत पकड़ है और इस बार भी जीत की पूरी उम्मीद है। उनके अनुसार, 16 में से 13 वार्डों में द्रमुक की जीत पार्टी की लोकप्रियता को दर्शाती है।

वहीं अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) इस सीट पर वापसी के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। सूत्रों के मुताबिक, पूर्व उपमहापौर पी.एम. मन्नन और एम. जयपाल संभावित उम्मीदवार हो सकते हैं। अन्नाद्रमुक के युवा नेता एम. सेंथिलकुमार ने दावा किया कि पार्टी ने बूथ स्तर पर रणनीति मजबूत की है और इस बार जीत संभव है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भले ही मदुरै सेंट्रल सीट पर द्रमुक का दबदबा रहा हो, लेकिन स्थानीय समस्याओं और जनता के असंतोष के चलते 2026 का चुनाव यहां बेहद रोचक और कांटे की टक्कर वाला साबित हो सकता है।द्रमुक की मजबूत पकड़ के बावजूद मुद्दों पर घिरी जनता---------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Tags