अंकारा, 23 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को खत्म करने के प्रयासों के तहत तुर्किए ने अपनी कूटनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। देश के विदेश मंत्री हाकान फिदान ने पिछले 48 घंटों में एक दर्जन से अधिक अंतरराष्ट्रीय नेताओं और अधिकारियों से बातचीत की है।
सूत्रों के मुताबिक, फिदान ने ईरान और मिस्र के विदेश मंत्रियों के अलावा अमेरिका और यूरोपीय संघ के अधिकारियों से अलग-अलग बातचीत की। इन चर्चाओं में युद्ध रोकने के संभावित उपायों पर विचार किया गया।
इसके अलावा, उन्होंने कतर, सऊदी अरब और पाकिस्तान के नेताओं से भी संपर्क साधा, जहां युद्ध समाप्त करने के प्रयासों की समीक्षा की गई।
सोमवार को भी कूटनीतिक प्रयास जारी रहे, जिसमें नॉर्वे और मिस्र के नेताओं के साथ बातचीत हुई। सूत्रों के अनुसार, इन वार्ताओं का मुख्य फोकस तनाव कम करने और संघर्ष को समाप्त करने के उपायों पर रहा।
जानकारों का कहना है कि तुर्किए और मिस्र दोनों ही पक्षों के बीच संदेश पहुंचाने का काम कर रहे हैं। यह पहल खासतौर पर ऊर्जा ढांचे और बिजली संयंत्रों पर बढ़ते हमलों के बीच तनाव कम करने की व्यापक कोशिश का हिस्सा है।
हालांकि, तुर्किए विदेश मंत्रालय ने फिलहाल इन मध्यस्थता प्रयासों पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करने से इनकार किया है।
उल्लेखनीय है कि तुर्किए की यह सक्रिय कूटनीति क्षेत्र में शांति बहाली की दिशा में अहम भूमिका निभा सकती है, खासकर ऐसे समय में जब संघर्ष लगातार व्यापक रूप लेता जा रहा है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय