नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने सोमवार को गुरदासपुर में वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव के फैसले का स्वागत करते हुए इसे सीमा क्षेत्रों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
बिट्टू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय सरकार की उस स्पष्ट सोच को दर्शाता है, जिसके तहत सीमावर्ती जिलों को सशक्त बनाने और वहां बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बिट्टू ने कहा कि अमृतसर–श्री माता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस (26405/26406) का गुरदासपुर में ठहराव शुरू होने से स्थानीय लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधा मिलेगी। इससे न केवल यात्रियों को लाभ होगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय पर गुरदासपुर के लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार