केएमएफ–आरसीबी समझौता: आईपीएल 2026 के लिए ‘नंदिनी’ बनी आधिकारिक डेयरी पार्टनर

युगवार्ता    24-Mar-2026
Total Views |
Kmf rcb


बेंगलुरु, 24 मार्च (हि.स.)। कर्नाटक मिल्क फेडरेशन (केएमएफ) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच आईपीएल–2026 सीजन के लिए ‘नंदिनी’ ब्रांड को आधिकारिक डेयरी पार्टनर घोषित करने संबंधी समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

28 मार्च से शुरू होने वाले आईपीएल–2026 टी-20 टूर्नामेंट से पहले इस महत्वपूर्ण साझेदारी को अंतिम रूप दिया गया। राज्य का प्रसिद्ध ‘नंदिनी’ ब्रांड अब आरसीबी के साथ जुड़कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहुंच और पहचान को और मजबूत करेगा।

इस साझेदारी के तहत केएमएफ के प्रबंध निदेशक, आरसीबी के अधिकारी और संबंधित प्रतिनिधियों की बैठक के बाद समझौते को अंतिम रूप दिया गया। केएमएफ की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ‘नंदिनी’ उत्पादों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता को देशभर के उपभोक्ताओं तक पहुंचाना इस समझौते का मुख्य उद्देश्य है।

इस सहयोग से टीम के ब्रांड मूल्य में वृद्धि होगी और प्रशंसकों के साथ जुड़ाव और मजबूत होगा। वहीं केएमएफ ने इसे राज्य के दुग्ध उत्पादकों और किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

समझौते के तहत आईपीएल मैचों के दौरान स्टेडियमों में ‘नंदिनी’ ब्रांड का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न कार्यक्रमों और अभियानों के माध्यम से भी ब्रांड को दर्शकों तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

Tags