हॉकी इंडिया वार्षिक अवॉर्ड्स में नामित होने पर हार्दिक और नवनीत ने जताया आभार, बड़े टूर्नामेंट्स पर नजर

युगवार्ता    24-Mar-2026
Total Views |
भारतीय हॉकी खिलाड़ी हार्दिक सिंह


नई दिल्ली, 24 मार्च (हि.स.)। हॉकी इंडिया के 8वें वार्षिक अवॉर्ड्स 2025 में नामांकन मिलने के बाद भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी हार्दिक सिंह और नवनीत कौर ने खुशी जताते हुए इसे अपनी मेहनत की पहचान बताया। दोनों खिलाड़ियों ने कहा कि इस सम्मान ने उन्हें और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया है और अब उनकी नजर आगामी बड़े टूर्नामेंट्स पर है।

नई दिल्ली में 27 मार्च को आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित समारोह में हार्दिक सिंह और नवनीत कौर को ‘हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर प्लेयर ऑफ द ईयर 2025’ पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। इसके अलावा हार्दिक को ‘अजीत पाल सिंह मिडफील्डर ऑफ द ईयर’ और नवनीत को ‘धनराज पिल्लै फॉरवर्ड ऑफ द ईयर’ के लिए भी नामांकन मिला है।

साल 2025 में दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा है। हार्दिक सिंह ने राजगीर, बिहार में आयोजित हीरो एशिया कप में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं नवनीत कौर ने महिला एशिया कप 2025 में छह गोल दागकर टीम को रजत पदक दिलाने में योगदान दिया और इसी दौरान अपने 200 अंतरराष्ट्रीय मैच भी पूरे किए।

हैदराबाद में आयोजित एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 क्वालीफायर्स में भी नवनीत ने चार गोल कर ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब जीता, जहां भारत ने रजत पदक हासिल किया।

हार्दिक सिंह ने अपने बयान में कहा कि इस तरह के अवॉर्ड्स खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण को पहचान देते हैं, जिससे आगे और बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने एशिया कप जीत को अपने करियर का खास पल बताते हुए कहा कि टीम ने मुश्किल हालात में एकजुट होकर शानदार प्रदर्शन किया।

वहीं नवनीत कौर ने कहा कि यह नामांकन उनके लिए गर्व की बात है और वह इसके लिए अपने परिवार व टीम साथियों की आभारी हैं। उन्होंने कहा कि लगातार मेहनत और अनुभव के दम पर वह अपने खेल में सुधार करती रही हैं।

दोनों खिलाड़ियों ने आगामी एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप और एशियाई खेलों को लेकर उत्साह जताया और टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने का संकल्प दोहराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags