जुबीन गर्ग की मौत डूबने से हुई, सिंगापुर कोर्ट का अंतिम फैसला

युगवार्ता    25-Mar-2026
Total Views |
जुबीन


गुवाहाटी, 25 मार्च (हि.स.)। सिंगापुर के कोरोनर कोर्ट ने प्रसिद्ध असमिया गायक जुबीन गर्ग की मौत को लेकर अपना अंतिम फैसला सुनाते हुए कहा है कि उनकी मृत्यु पानी में डूबने के कारण हुई थी।

कोर्ट द्वारा प्रस्तुत निष्कर्षों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह पुष्टि की गई कि मौत का कारण डूबना था। कोरोनर ने यह भी स्पष्ट किया कि यह एक आकस्मिक घटना थी।

इस फैसले के साथ ही मामले को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है और अधिकारियों ने भी पुष्टि की है कि घटना में किसी तरह की साजिश या आपराधिक पहलू शामिल नहीं था। इस संदर्भ में विस्तृत विवरण के प्रतीक्षा की जा रही है।

गौरतलब है कि, असम पुलिस की क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी) ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) गठित कर दिसंबर, 2025 में गुवाहाटी की एक कोर्ट में गायक की मौत के मामले में एक विस्तरित चार्जशीट दाखिल की थी।

यह जांच 19 सितंबर, 2025 को सिंगापुर में जुबीन गर्ग की रहस्यमयी मौत के बाद शुरू हुई थी। खबरों के मुताबिक, नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में शामिल होने के लिए सिंगापुर की यात्रा के दौरान समुद्र में घूमने निकले गर्ग की मौत हो गई थी।

गुवाहाटी में चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की कोर्ट में दाखिल की गई इस चार्जशीट में सात लोगों के नाम शामिल हैं। इनमें से चार लोगों पर, जिनमें फेस्टिवल के आयाेजक श्यामकानु महंता, जुबीन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा, बैंड के एक सदस्य शेखरज्योति गोस्वामी और एक सह-गायक अमृतप्रभा महंता शामिल हैं जिनपर हत्या के आरोप लगाए गए हैं।

जुबीन गर्ग के चचेरे भाई और असम पुलिस के निलंबित अधिकारी संदीपान गर्ग पर 'गैर-इरादतन हत्या' का आरोप लगाया गया है। साथ ही गर्ग के निजी सुरक्षा अधिकारी का नाम चार्जशीट में शामिल है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags