उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर रांची को प्रशासन ने किया नो फ्लाइंग जोन घोषित

युगवार्ता    25-Mar-2026
Total Views |
उपराष्ट्रपति की फाइल फोटो


रांची, 25 मार्च (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को रांची आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके मद्देनजर बिरसा मुण्डा एयरपोर्ट से हिनू चौक से बिरसा चौक-अरगोड़ा चौक से लोकभवन एवं भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रांची के 200 मीटर की परिधि को ड्रोन, पैराग्लाइडिंग और हॉट एयर बैलून के संदर्भ में अनुमंडल दंडाधिकारी सदर की ओर से नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है।

यह निषेधाज्ञा 28 मार्च के प्रातः 06:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे के लिए लागू रहेगी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से अनुमंडल दण्डाधिकारी, सदर की ओर से बीएनएसएस की धारा-163 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए निम्न प्रकार की निषेधाज्ञा जारी की गई है।

28 मार्च को बिरसा मुण्डा एयरपोर्ट से हिनू चौक से बिरसा चौक से अरगोड़ा चौक से लोकभवन एवं भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रांची के 200 मीटर की परिधि को ड्रोन, पैराग्लाइडिंग और हॉट एयर बैलून के संदर्भ में नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है तथा उक्त क्षेत्र में तथा उसके ऊपर ड्रोन, पैराग्लाइडिंग और हॉट एयर बैलून पूर्णतः वर्जित रहेंगे।

उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर अलर्ट

उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। दौरे की तैयारियों को लेकर लगातार समीक्षा की जा रही है। मुख्य सचिव स्तर से लेकर जिला स्तर तक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की कोई चूक न हो।

इसी क्रम में 25 मार्च को मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। वहीं 26 मार्च को राजभवन से एयरपोर्ट तक के रूट पर काफिले की रिहर्सल भी की जाएगी, ताकि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो।

रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ भी बैठक कर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई है। उपराष्ट्रपति की सुरक्षा और उनकी गतिविधियों को लेकर विस्तृत प्लान तैयार किया गया है।

प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि उपराष्ट्रपति का दौरा पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। वहीं आईईएम रांची में होने वाले दीक्षांत समारोह को लेकर भी संस्थान स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और गणमान्य लोग शामिल होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Tags