रायपुर, 25 मार्च (हि.स.)। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के पहले दिन तैराकी स्पर्धाओं में कर्नाटक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दबदबा कायम किया, जबकि ओडिशा और मेजबान छत्तीसगढ़ ने भी पदक तालिका में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
प्रतियोगिता के शुरुआती दिन पुरुष 200 मीटर फ्रीस्टाइल में कर्नाटक के धनीश एन और महिला वर्ग में ओडिशा की अंजलि मुंडा ने स्वर्ण पदक जीतकर टूर्नामेंट का शानदार आगाज किया। धनीश ने 2:03.55 सेकंड का समय निकालते हुए अपने ही राज्य के खिलाड़ी को बड़े अंतर से पीछे छोड़ा, जबकि अंजलि ने बेहद करीबी मुकाबले में जीत दर्ज की।
पहले दिन तैराकी में कर्नाटक का दबदबा देखने को मिला, जहां टीम ने छह में से पांच स्वर्ण पदक अपने नाम किए। कर्नाटक के मणिकांत एल और मेघांजलि ने दो-दो स्वर्ण पदक जीतकर टीम की बढ़त को और मजबूत किया।
मेजबान छत्तीसगढ़ ने भी निराश नहीं किया और एक रजत व एक कांस्य पदक जीतकर अपने अभियान की शुरुआत की।
इस पहले संस्करण में 30 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 3800 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जो नौ खेलों में कुल 106 स्वर्ण पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।
पहले दिन के अंत तक कर्नाटक पांच स्वर्ण सहित कुल सात पदकों के साथ तालिका में शीर्ष पर है, जबकि ओडिशा दूसरे स्थान पर और छत्तीसगढ़ शुरुआती बढ़त के साथ प्रतिस्पर्धा में बना हुआ है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय