साई पैरेंटरल्स लिमिटेड का आईपीओ बोली के दूसरे दिन 41 फीसदी सब्सक्राइब

युगवार्ता    25-Mar-2026
Total Views |
साई पैरेंटरल्स लिमिटेड के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


मुंबई, 25 मार्च (हि.स)। साई पैरेंटरल्स लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) बुधवार को बोली के दूसरे दिन 0.41 गुना सब्सक्राइब हुआ है। कंपनी ने इससे पहले एंकर निवेशकों से 122.6 करोड़ रुपये जुटाये हैं।

स्टॉक एक्सचेंजों पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक आईपीओ को 75,22,486 इक्विटी शेयरों की पेशकश के मुकाबले 30,82,788 इक्विटी शेयरों के लिए बोलियां मिलीं है। आंकड़ों के अनुसार गैर-संस्थागत निवेशक (एनआईआई) 1.01 गुना सब्सक्राइब किया गया है, जबकि योग्य संस्थागत खरीदार (क्यूआईबी) और खुदरा निवेशक हिस्से क्रमशः 0.60 गुना और 0.05 गुना सब्सक्राइब हुआ है।

साई पैरेंटरल्स लिमिटेड का यह इश्यू सब्सक्रिप्शन के लिए 24 मार्च को खुला, जो 27 मार्च को बंद हो जाएगा। ये आईपीओ 285 करोड़ रुपये तक का एक नया इश्यू है। इसमें निवेशकों के लिए 3,157,880 शेयरों का 'ऑफर-फॉर-सेल' (ओएफएस) भी शामिल है। इसके निवेशक विकासा इंडिया ईआईएफआई फंड, तिलोकचंद पूनमचंद ओस्तवाल, देवेंद्र चावला, भंवर लाल चांदक, आशीष माहेश्वरी, श्रीलेखा गांटा, पद्मा गुंटुपल्ली, विजय गोंडी, भौतिक मुकुंद शाह और नीलेश प्रवीणचंद्र हैं।

साई पैरेंटरल्स लिमिटेड विविध फार्मास्युटिकल फॉर्मूलेशन कंपनी है, जिसके पास रिसर्च, डेवलपमेंट और मैन्युफैक्चरिंग की क्षमताएं हैं। यह कंपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए ब्रांडेड जेनेरिक फॉर्मूलेशन और कॉन्ट्रैक्ट डेवलपमेंट एंड मैन्युफैक्चरिंग ऑर्गनाइजेशन (सीडीएमओ) के उत्पादों और सेवाओं के कारोबार में लगी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags