
नई दिल्ली, 25 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में शांति होने की उम्मीद के कारण घरेलू शेयर बाजार से आज मजबूती के संकेत मिल रहे हैं। आज के कारोबार की शुरुआत भी तेजी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में और तेजी आ गई। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1.56 प्रतिशत और निफ्टी 1.70 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।आज सुबह 10 तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से श्रीराम फाइनेंस, ट्रेंट लिमिटेड, अदानी पोर्ट्स, ग्रासिम इंडस्ट्रीज और अदानी एंटरप्राइज के शेयर 4.31 प्रतिशत से लेकर 3.12 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, कोल इंडिया और एचसीएल टेक्नोलॉजी के शेयर 2.21 प्रतिशत से लेकर 0.19 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,786 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,565 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 221 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 28 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर दो शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 46 शेयर हरे निशान में और चार शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 583.56 अंक की मजबूती के साथ 74,652.01 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। हालांकि बीच-बीच में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली के मामूली झटके भी लगते रहे। इसके बावजूद खरीदारी के जोर की वजह से इस सूचकांक की चाल पर कोई असर नहीं पड़ा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1,157.97 अंक की बढ़त के साथ 75,226.42 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 152 अंक उछल कर 23,064.40 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही तेजड़ियों ने मोर्चा संभाल लिया और चौतरफा लिवाली शुरू कर दी। लगातार हो रही खरीदारी के कारण इस सूचकांक की रफ्तार भी लगातार बढ़ती गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 388.80 अंक की मजबूती के साथ 23,301.20 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 1,372.06 अंक यानी 1.89 प्रतिशत की मजबूती के साथ 74,068.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 399.75 अंक यानी 1.78 प्रतिशत की उछाल के साथ 22,912.40 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक