तेलंगाना : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टी. जीवन रेड्डी ने दिया इस्तीफा

युगवार्ता    25-Mar-2026
Total Views |
जीवन रेड्डी ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा


जीवन रेड्डी ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा


हैदराबाद, 25 मार्च (हि.स.)। तेलंगाना कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टी. जीवन रेड्डी ने आखिरकार कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया। पार्टी नेताओं द्वारा मनाने के सभी प्रयास विफल रहे। उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता के साथ-साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की सदस्यता भी छोड़ दी।

रेड्डी ने एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लिखे पत्र में अपने इस्तीफे के पीछे के कारणों का विस्तार से उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि जगतियाल विधानसभा क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हो रहे अन्याय और मानसिक पीड़ा को सहन न कर पाने के कारण उन्होंने यह निर्णय लिया।

टी. जीवन रेड्डी ने आरोप लगाया कि उन्होंने विधानसभा और परिषद दोनों में बीआरएस सरकार के खिलाफ संघर्ष किया, लेकिन पार्टी में उन्हें अपेक्षित सम्मान और प्राथमिकता नहीं मिली। उन्होंने यह भी कहा कि नामित पद भी दल-बदल कर आए विधायक डॉ. एम. संजय कुमार की सिफारिश पर दिए गए, जिससे वे काफी नाराज थे।

रेड्डी की नाराजगी को देखते हुए तेलंगाना कांग्रेस के नेताओं ने उन्हें मनाने की कोशिश की। प्रदेश अध्यक्ष बी. महेश कुमार गौड और एआईसीसी के सचिव सचिन सावंत ने उनसे मुलाकात कर फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया। इससे पहले आईटी मंत्री श्रीधर बाबू भी उनसे मिले थे, लेकिन सभी प्रयास नाकाम रहे।

उल्लेखनीय है कि टी. जीवन रेड्डी का लंबा राजनीतिक अनुभव रहा है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1981 में मल्लियाल पंचायत समिति अध्यक्ष के रूप में की। 1983 में एन. टी. रामाराव के नेतृत्व वाली तेलुगु देशम पार्टी से विधायक बने और मंत्री पद संभाला। बाद में मतभेद के चलते 1984 में राजीव गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल हो गए।

रेड्डी 1989, 1996, 1999, 2004 और 2014 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीत चुके हैं। 2019 में वे करीमनगर ग्रेजुएट्स सीट से विधान परिषद सदस्य चुने गए। साथ ही वाई. एस. राजशेखर रेड्डी के मंत्रिमंडल में 2006 से 2009 के बीच कैबिनेट मंत्री भी रहे।

रेड्डी के इस्तीफे से राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले समय में इसके व्यापक प्रभाव देखने को मिल सकते हैं, वहीं उनके अगले राजनीतिक कदम पर सभी की नजरें टिकी हैं।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Tags