धौलाधार की वादियों में आईपीएल का रोमांच, मई में धर्मशाला में खेले जाएंगे तीन मुकाबले

युगवार्ता    26-Mar-2026
Total Views |
धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम।


धर्मशाला, 26 मार्च (हि.स.)। दुनिया के सबसे खूबसूरत क्रिकेट मैदानों में शुमार हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में एक बार फिर आईपीएल का रोमांच देखने को मिलेगा। बीसीसीआई द्वारा जारी नवीनतम शेड्यूल के अनुसार आगामी मई महीने में धर्मशाला के इस मैदान पर कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे। पंजाब किंग्स के दूसरे 'होम ग्राउंड' में यह मुकाबले क्रिकेट प्रेमियों को जबरदस्त रोमांच लाने वाले होंगे। बर्फ से ढकी पहाड़ियों के बीच होने वाले इन मैचों को लेकर न केवल हिमाचल के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है, बल्कि स्थानीय पर्यटन उद्योग को भी इससे बड़ी उम्मीदें जगी हैं।

धर्मशाला में मैचों का सिलसिला 11 मई को शुरू होगा जब पंजाब किंग्स का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा। इसके ठीक तीन दिन बाद 14 मई को मुंबई इंडियंस की टीम यहां पंजाब को चुनौती देने पहुंचेगी। इन दोनों मुकाबलों का समय शाम 7:30 बजे रखा गया है। वहीं 17 मई को होने वाला मुकाबला सबसे खास माना जा रहा है क्योंकि उस दिन रविवार को दोपहर 3:30 बजे पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच भिड़ंत होगी। किंग कोहली और पंजाब के शेरों के बीच होने वाली इस टक्कर को देखने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसकों के उमड़ने की संभावना है।

धर्मशाला के इन मैचों के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों में भी क्रिकेट का पारा चढ़ेगा। 12 मई को अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मैच होगा जबकि 13 मई को रायपुर के मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स से लोहा लेगी। 15 मई को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला होगा और 16 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में गुजरात टाइटन्स की टीम केकेआर से भिड़ेगी। इन मैचों के आयोजन से न केवल खेल प्रेमियों का मनोरंजन होगा, बल्कि पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी जबरदस्त बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Tags