दुनिया में युद्ध के हालात, लेकिन समन्वय और शांति ही समय की सबसे बड़ी आवश्यकता : शिवराज सिंह

युगवार्ता    26-Mar-2026
Total Views |
रायसेन में केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान मीडिया से बातचीत करते हुए


भोपाल, 26 मार्च (हि.स.)।केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इजरायल, ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि आज दुनिया के बड़े हिस्से में युद्ध के काले बादल छाए हुए हैं, लेकिन संघर्ष नहीं बल्कि समन्वय और शांति ही समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान गुरुवार को मध्य प्रदेश के रायसेन जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान पहुंचकर आगामी 11 से 13 अप्रैल तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के तीन दिवसीय वृहद उन्नत कृषि मेला की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पहुंचे थे। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए वैश्विक तनाव को लेकर कहा कि दुनिया में युद्ध के हालात बन रहे हैं, लेकिन हमें लड़ाई नहीं, शांति का रास्ता अपनाना चाहिए। घृणा नहीं, प्रेम ही समाधान है।

अपने दौरे की शुरुआत में केंद्रीय मंत्री चौहान ने पाटन देव हनुमान मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। उन्होंने बजरंगबली के साथ भगवान श्रीराम और अष्टमी के अवसर पर मां दुर्गा की पूजा कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने रामनवमी के संदेश का जिक्र करते हुए ने कहा कि यह पर्व हमें एकता और समानता की सीख देता है। उन्होंने कहा कि एक ही चेतना सबमें है, पूरे जगत में वही भाव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत न केवल विकास की ओर बढ़ रहा है, बल्कि दुनिया को शांति और समन्वय का मार्ग भी दिखा रहा है।

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि मुझे बताते हुए प्रसन्नता है कि 11, 12 और 13 अप्रैल को रायसेन की पवित्र धरा पर एक भव्य राष्ट्रीय कृषि मेले का आयोजन होने जा रहा है। यह कोई साधारण मेला नहीं बल्कि मेरी अंतरात्मा से निकला एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी प्रयास है। इस मेले में रायसेन, विदिशा, सीहोर और देवास जैसे क्षेत्रों के लिए वैज्ञानिकों की टीम द्वारा तैयार किया गया कृषि रोडमैप भी प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे स्थानीय जलवायु और मिट्टी के अनुसार किसानों को सही दिशा मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags