नवरात्रि के दौरान वैष्णो देवी मंदिर में 26 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

युगवार्ता    26-Mar-2026
Total Views |

जम्मू, 26 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्रि के दौरान जम्मू और कश्मीर के रियासी जिले में स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। इस दौरान गुफा मंदिर में 26 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

माता वैष्णो देवी मंदिर बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मीडिया को बताया कि यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। 25 मार्च तक 2,69,716 तीर्थयात्री मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। सैकड़ों श्रद्धालु 'जय माता दी' का जाप करते हुए माता वैष्णो देवी मंदिर के घुमावदार मार्ग पर दर्शन करने के लिए पैदल यात्रा कर रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार नवरात्रि के पहले दिन 19 मार्च को 31,815 तीर्थयात्रियों ने मंदिर में दर्शन किए, जबकि 20 मार्च को 34,805, 21 मार्च को 41,078, 22 मार्च को 43,482, 23 मार्च को 45,478, 24 मार्च को 38,158 और 25 मार्च को 34,900 श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तीर्थयात्रियों का पंजीकरण दो बार थोड़े समय के लिए निलंबित किया गया था।

चैत्र नवरात्रि का नौ दिवसीय उत्सव बहुस्तरीय सुरक्षा के बीच शुरू हुआ, जिसके चलते दोनों मार्ग और भवन मंदिर क्षेत्र रोशनी और फूलों की सजावट से जगमगा रहे हैं और आध्यात्मिक उत्साह और पारंपरिक उल्लास से भरे हुए हैं। अधिकारियों ने कटरा बेस कैंप और मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है, ताकि यात्रा सुरक्षित रहे। बोर्ड ने तीर्थयात्रियों का मार्गदर्शन करने संभावित भीड़ को संभालने और 13 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग पर सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के लिए स्वयंसेवकों को तैनात किया है।

अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष श्राइन बोर्ड ने यात्रा मार्ग पर समन्वय और संचार को बेहतर बनाने के लिए वायरलेस संचार शुरू किया है। पूरे त्यौहार के दौरान पुलिस सीआरपीएफ, अन्य अर्धसैनिक बलों और त्वरित प्रतिक्रिया टीमों (क्यूआरटी) सहित बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। चैत्र नवरात्रि के शुभ आरंभ के उपलक्ष्य में पवित्र गुफा में वैदिक मंत्रों और अनुष्ठानों की दिव्य तरंगें समस्त मानवता के लिए शांति, समृद्धि और कल्याण का आशीर्वाद प्रदान कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Tags