भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने देशवासियों को राम नवमी की शुभकामनाएं दी

युगवार्ता    26-Mar-2026
Total Views |

पटना, 26 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को बिहार के पटना में आयोजित श्री श्री राम नवमी शोभा यात्रा अभिनंदन समिति में प्रतिभाग किया और सभी देशवासियों को श्रीराम नवमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने बिहार की जनता से 27 मार्च 2026 आयोजित होने वाली मनोहर झांकियों के दर्शन करने का आग्रह भी किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि हिंदू नववर्ष प्रारंभ हो चुका है, चैत्र नवरात्र चल रहा है और राम नवमी का शुभ पर्व भी कल आयोजित होने वाला है। यदि तिथि के अनुसार देखा जाए तो राम नवमी की नवमी तिथि प्रारंभ हो चुकी है। नवीन ने सभी के माध्यम से समस्त बिहारवासियों और देशवासियों को राम नवमी की बधाई दी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि राम नवमी का यह पर्व पटना में अत्यंत उत्साह के साथ मनाया जाता रहा है, लंबे समय से पटना में राम नवमी की झांकियां निकलती रही हैं। वर्ष 2010 में इन यात्राओं को संगठित रूप से करने का प्रयास किया गया और श्रीराम चौक, डाकबंगला चौराहे पर इन भव्य झांकियों के स्वागत का सिलसिला उसी वर्ष प्रारंभ किया गया था। 2010 में 8 यात्राओं से प्रारंभ हुआ यह सफर वर्ष 2026 में 52 यात्राओं तक पहुंच चुका है। इस वर्ष पूरे पटना को लाखों महावीर ध्वजों से सजाया गया है और पटना पूर्णतः राममय और भगवामय दिखाई दे रहा है। पूरी चन्दन नगर की इलेक्ट्रॉनिक लाइटिंग से उसे सजाया गया है और पूरे पटना में उत्सवमय तथा उत्साहमय वातावरण है। इस अवसर पर प्रत्येक घर में राम के विचारों और श्रीराम के आदर्शों के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया जाता है।

नितिन नवीन ने कहा कि इस वर्ष भी सभी यात्राओं में विभिन्न प्रकार की झांकियों को देखने का अवसर मिलेगा। इन झांकियों के प्रदर्शन के लिए विभिन्न राज्यों से कलाकार भाग लेने आते हैं, जिनमें झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश के मथुरा और वृंदावन, तथा बनारस के काशी से कलाकार शामिल होते हैं। अलग-अलग स्थानों से आने वाले बैंड और ढोल-नगाड़ों की ध्वनि भी विभिन्न वाद्य यंत्रों के माध्यम से सुनने को मिलेगी, जिनमें नागपुर और झारखंड के बैंड भी शामिल हैं। सभी का प्रयास रहता है कि पटना की राम नवमी पूरे देश में अपना एक अलग स्थान बनाए और इस दिशा में श्री श्री राम नवमी शोभा यात्रा अभिनंदन समिति पिछले 16 वर्षों से लगातार प्रयास कर रही है। जिस प्रकार प्रभु श्रीराम के जन्मस्थान अयोध्या से राम की चर्चा होती है, उसी प्रकार मां सीता की नगरी, जानकी की नगरी बिहार से भी राम नवमी की चर्चा होती है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पटनावासियों से आग्रह किया कि कल शाम 5:30 बजे से पटना शहर के विभिन्न कोनों से निकलने वाली झांकियों का मनोरम दृश्य और ढोल-नगाड़ों का मधुर संगीत देखने का अवसर प्राप्त करें। इस अवसर पर उत्सव का वातावरण होगा और लाखों रामभक्त इसमें शामिल होंगे।

इस कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रि.) सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्र सरकार व बिहार सरकार के कई मंत्री तथा रामायण धारावाहिक में कार्य कर चुके देश के वरिष्ठ सांसद अरुण गोविल भी शिरकत करेंगे, जिनके माध्यम से एक पीढ़ी ने आदर्श पुरुषोत्तम श्रीराम के स्वरूप को आत्मसात किया। साथ ही वरिष्ठ सांसद और बिहार की मिट्टी से जुड़े लोकप्रिय कलाकार श्री मनोज तिवारी जी भी इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। सभी का प्रयास है कि इस पूरे कार्यक्रम में बिहार की विभिन्न विभूतियां, जो अलग-अलग स्थानों पर अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्धियों के साथ कार्य कर रही हैं, उनकी उपस्थिति भी देखने को मिले। श्री नवीन ने आग्रह करते हुए कहा कि कल का राम नवमी आयोजन एक नया इतिहास और नया रिकॉर्ड बनाए तथा रामभक्तों के इस कार्यक्रम और जनसैलाब में अधिक से अधिक लोग सम्मिलित हों।

उन्होंने कहा कि 450 वर्षों तक श्रीराम जन्मभूमि के लिए संघर्ष हुआ और कुछ लोगों के कारण प्रभु श्रीराम को लंबे समय तक टेंट में भी समय गुजारना पड़ा। यही वह भारत है जहाँ आज अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर बनकर तैयार हो चुका है। जिन्होंने भी श्रीराम के कार्य में बाधा डाली, उनका क्या हश्र हुआ है, यह सबने देखा है। श्रीराम का कार्य कोई रोक नहीं सकता और जो भी बाधा बनेगा, उसका कार्य ही समाप्त हो जाएगा और श्रीराम का कार्य नहीं रुकेगा। हम सभी प्रभु श्रीराम के भक्त हैं और सभी भक्त मिलकर पटना की इस रामनवमी को उत्सव के रूप में मनाएंगे। पूरे देश में श्रीराम जन्मोत्सव की धूम है और बिहार तथा बंगाल में भी पूरे उत्साह के साथ राम नवमी की यात्राएं निकलने वाली हैं। जिस पवित्र भूमि पर मां दुर्गा की पूजा पूरे जोर-शोर से होती है, वहां मां के भक्त पूरे उत्साह के साथ रामनवमी और नवरात्र का पर्व भी मना रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार

Tags