नेपाल के राष्ट्रपति ने बालेन्द्र शाह को प्रधानमंत्री नियुक्त किया, शपथ ग्रहण समारोह आज

युगवार्ता    27-Mar-2026
Total Views |
राष्ट्रपति भवन से जारी बयान


काठमांडू, 27 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के वरिष्ठ नेता बालेन्द्र शाह आज नेपाल के नए प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्त हो गए हैं। राष्ट्रपति कार्यालय ने उन्हें प्रधानमंत्री पद पर नियुक्त होने की जानकारी दी है।

राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने नेपाल के संविधान की धारा 76 की उपधारा 1 के अनुसार आरएसपी के एकल बहुमत के आधार पर उन्हें प्रधानमंत्री नियुक्त किया है।

पहले से निर्धारित शुभ मुहूर्त के अनुसार, आज दोपहर ठीक 12 बजकर 34 मिनट पर राष्ट्रपति कार्यालय शीतल निवास में राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल, बालेन को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण कार्यक्रम को एक सेकंड भी इधर-उधर किए बिना ठीक समय पर संपन्न करने की तैयारी की गई है। बालेन के शपथ ग्रहण के लिए आज रामनवमी का शुभ दिन चुना गया है।

शपथ ग्रहण समारोह में 7 शंखों से शंखनाद किया जाएगा। इसके अलावा 108 बटुकों द्वारा स्वस्ति शांति पाठ और 16 बौद्ध भिक्षुओं द्वारा अष्टमंगल पाठ किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह में विभिन्न राजनीतिक दलों, काठमांडू स्थित कूटनीतिक मिशनों के प्रतिनिधियों, नागरिक समाज और उच्च सरकारी अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, इस समारोह में लगभग दो हजार लोगों की उपस्थिति रहने का अनुमान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags